देश में कोविड-19 से अब तक 681 लोगों की मौत, पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 21393 तक पहुंचा

Summary :

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार गुरुवार को भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21393 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 681 लोगों की मौत हो चुकी है।

कोरोना वायरस (कोविड-19) महामारी का प्रकोप भारत में भी लगातार जारी है। कोरोना के कहर को कम करने के लिए हर एहतियात कदम बरते जा रहे है लेकिन संक्रमितों का आंकड़ा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार तक भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 21000 को पार कर  चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के अनुसार गुरुवार को भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 21393 तक पहुंच गई है वहीं अब तक 681 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 1409 और मौत के 29 नए मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़े के मुताबिक 21393  मामलों में 16454 कोरोना के सक्रिय केस हैं और 4257  ऐसे मरीज हैं जिन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। बुधवार की तुलना में संक्रमितों और  मृतकों की संख्या में कमी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की जारी रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस का प्रकोप देश के 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में फैल चुका है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार अंडमान निकोबार में 18 लोग अब तक कोरोना संक्रमित हैं, जिनमें से 11 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। उधर आंध्र प्रदेश में कोरोना पीड़ितों की संख्या 813 पहुंच गई है, जिनमें से 120 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। यहां 24 की मौत हो गई है। अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ एक मामला सामने आया है, जबकि असम में 35 लोग इस बीमारी से पीड़ित बताए गए हैं। इनमें से 19 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। एक की मौत हो गई है।
बिहार में कोरोना पीड़ित लोगों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। बिहार में कोरोना पीड़ित लोगों की संख्या 143 पहुंच गई है। 46 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। यहां 2 की मौत हो गई है। चंडीगढ़ में 27 मामले सामने आए। इनमें से 14 को डिस्चार्ज किया चुका है। छत्तीसगढ़ में 36 मामले सामने आये हैं, 26 को डिस्चार्ज किया जा चुका है।
राजधानी दिल्ली में यह आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। गुरुवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 2248 लोग राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमित है, जिनमें से 724 को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। जबकि 48 लोगों की मौत हो गई है। गोवा अभी भी देश का कोरोना फ्री स्टेट बना हुआ है । जहां 7 मामले सामने आए थे लेकिन सातों को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
गुजरात में भी कोरोना तेजी से बढ़ा है । अब तक 2407 लोग इस बीमारी से पीड़ित बताए गए हैं जिनमें 179 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है। यहां 103लोगों की मौत हुई है। हरियाणा में यह मामला 262 तक पहुंचा है। 140 की छुट्टी हो चुकी है, जबकि तीन की मौत हुई है। हिमाचल में कोरोना वायरस पीड़ित लोगों की संख्या 40 हो गई है। 18 को डिस्चार्ज किया गया। एक की मौत हुई है।
जम्मू-कश्मीर में आंकड़ा 407 पहुंच चुका है। 92 को डिस्चार्ज किया गया जबकि 5 की मौत हो गई है । झारखंड में पीड़ित लोगों की संख्या 49 बनी हुई है , जबकि 3 लोगों की मौत हुई है। कर्नाटक में 427 लोग इस वायरस से पीड़ित बताए गए हैं , जिनमें से 131 लोगों को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। 17 की मौत हुई है। केरल में 438 मामला सामने आया है। 323 को छुट्टी दे दी गई। यहां तीन की मौत हुई है । लद्दाख में 18 मामले सामने आए, 14 को डिस्चार्ज किया जा चुका है।

दिल्ली के मुखर्जी नगर और आजादपुर क्वारंटीन केंद्रों से 36 संदिग्ध हुए गायब, तलाश में जुटी पुलिस

मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक जारी रिपोर्ट के हवाले से गुरुवार सुबह तक यहां पर 1592 लोग इस वायरस से पीड़ित बताये गए हैं जिनमें से 148 को अस्पताल से छुट्टी दे दी जा चुकी है जबकि 80 लोगों की मौत हुई है । महाराष्ट्र पूरे देश में इस मामले में अब भी अव्वल बना हुआ है। यहां अब तक 5652 लोग वायरस से पीड़ित बताये गए हैं। 789 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। अब तक 269 की मौत हुई है।
मणिपुर में सिर्फ दो, मेघालय में 12, मिजोरम में एक और उड़ीसा में सिर्फ 83 मामले सामने आए हैं यहां 32 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। एक की मौत दर्ज की गई है। पुडुचेरी में सिर्फ 7 मामले सामने आए हैं जिनमें से तीन को डिस्चार्ज किया जा चुका है। पंजाब में गुरुवार सुबह तक 251 कोरोना संक्रमित लोग बताए गए हैं उन 49 को डिस्चार्ज किया गया। 16 की मौत हो गई है।
राजस्थान में यह आंकड़ा अब तक 1890 पहुंच गया है, जिनमें से 230 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। अकेले राजस्थान में 27 की मौत हो गई है। तमिलनाडु में 1629 लोग वायरस से पीड़ित हैं। 662 को डिस्चार्ज किया जा चुका है। 18 की मौत हो गई है। तेलंगाना में आंकड़ा 945 पहुच गया है। 194 को डिस्चार्ज किया गया। यहां 23 की मौत हुई है।
उधर त्रिपुरा में सिर्फ 2 मामले सामने आए हैं। उत्तराखंड में 46 मामले सामने आए 23 को डिस्चार्ज किया चुका है। उत्तर प्रदेश में अब तक 1449 लोग कोराना वायरस से पीड़ित बताए गए हैं जिनमें से 173 लोगों को अस्पताल से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है । यहां 21 लोगों की मौत हुई है। पश्चिम बंगाल में गुरुवार सुबह तक 456 मामले सामने आये हैं। 79 को डिस्चार्ज किया चुका है। अब तक 15 लोगों की मौत हुई है।
बता दें कि कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए केंद्र सरकार के तरफ से 3 मई तक देशव्यापी लॉकडाउन जारी है। इस वायरस से निपटने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारें तमाम हथकंडे अपना रही है। देशभर में कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा संक्रमण वाले इलाकों में आवाजाही पर बंदिशों के साथ लोगों के लिए मास्क पहनना जरूरी कर दिया गया है। इसके अलावा सोशल डिस्टैन्सिंग का पालन करना भी अनिवार्य कर दिया गया है। 

Desk Team