TOP 20 NEWS 21 February : आज की 20 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

जानिए देश, विदेश, खेल, और व्यापार से जुड़ी खबरें-ये आज का टॉप 20 न्यूज़ मेनू बताएगा आपको आज की बड़ी और ताज़ा खबरों का पिटारा

1. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिए संकेत, भारत के साथ हो सकता है बेजोड़ व्यापार समझौता

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप  केवल दो दिन की भारत यात्रा पर जा रहे हैं। डोनाल्ड ट्रंप बृहस्पतिवार को कहा कि दोनों देशों के बीच ‘बेजोड़’ व्यापार समझौता’ हो सकता है। ट्रंप ने लास वेगास में ‘होप फॉर प्रिजनर्स ग्रेजुएशन सेरमनी’ कार्यक्रम की शुरुआत में कहा, ‘‘ हम भारत जा रहे हैं और वहां हम एक बेजोड़ व्यापार समझौता कर सकते हैं।’’ 
2. राजनाथ ने सेना के नए मुख्यालय भवन का किया शिलान्यास, वीरों के साहस और वीरता को होगा समर्पित
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा शुक्रवार को दिल्ली छावनी सेना के नए मुख्यालय के निर्माण के लिए आधारशिला रखी गई। इस दौरान उनके साथ आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे भी मौजूद रहे। नए मुख्यालय को ‘थल सेना भवन’ के नाम से जाना जाएगा। नया मुख्यालय उन सशस्त्र बलों के उन वीरों के साहस और वीरता को समर्पित होगा जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना बलिदान दिया है। 
3. देशभर में महाशिवरात्रि की धूम, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
देशभर में आज धूमधाम से महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जा रहा है। आज सुबह से ही मंदिरों में भगवान शिव की आराधना के बम-बम भोले के जयकारे लगाए जा रहे है। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालु का तांता लगा हुआ है। लोग लंबी-लंबी कतारों में मंदिरों के बाहर खड़े है।
4. शाहीन बाग : नोएडा-फरीदाबाद रोड कुछ देर खोलने के बाद पुलिस ने फिर लगाई बैरिकेडिंग
दिल्ली के शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन के बीच शुक्रवार को नोएडा-फरीदाबाद वाले रास्ते को कुछ वडेर खोलने के बाद बंद कर दिया गया। 69 दिनों जारी प्रदर्शन के बीच पुलिस ने थोड़ी देर के लिए बैरिकेडिंग को हटाने के बाद फिर लगा दिया। नोएडा-फरीदाबाद रोड 15 दिसंबर से बंद किया गया है।
5. PM मोदी कल करेंगे पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का उद्घाटन
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन 22 फरवरी से 1 मार्च तक ओडिशा के भुवनेश्वर में किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ओडिशा के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में पहले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का उदघाटन करेंगे। प्रधानमंत्री वीडिया कान्फ्रेंस सुविधा के जरिये इन खेलों का उदघाटन करेंगे।
6. पाक जिंदाबाद के नारे लगाने वाली लड़की का नक्सलियों से था संपर्क : येदियुरप्पा
नागरिकता संशोधन कानून को लेकर बेंगलुरु में चल रहे एक विरोध प्रदर्शन के दौरान मंच से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने वाली लड़की को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी की मौजूदगी में गुरुवार को बेंगलुरु एक कार्यक्रम के दौरान अमूल्या लियोना नाम की एक युवती ने पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाए थे।
7. वारिस पठान के बयान को लेकर बोले संबित पात्रा- चुप क्यों हैं तथाकथित ‘लिबरल’
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगाने वाली लड़की अमूल्या लियोन और वारिस पठान के विवादित बयान पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी प्रवक्ता ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि एआईएमआईएम नेता वारिस पठान का विवादास्पद बयान यह दर्शाता है कि नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के नाम पर साजिश और घृणा की राजनीति चल रही है।
8. कर्नाटक : असदुद्दीन ओवैसी की रैली में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाली युवती गिरफ्तार, 14 दिन की जेल
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए), राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) और राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) के विरोध में एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के एक कार्यक्रम में दौरान गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। एक युवती अमूल्या लियोन मंच पर पहुंच गई और माइक लेकर ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने लगी। पुलिस ने युवती के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया है और उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। 
9. सिसोदिया ने वित्त मंत्री सीतारमण से की मुलाकात, दिल्ली के आर्थिक विकास के लिए सहयोग पर हुई चर्चा
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और वित्तमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। जानकारी के मुताबिक इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने वित्तमंत्री के बीच दिल्ली के आर्थिक विकास के लिए सहयोग पर सकारात्मक चर्चा हुई। सिसोदिया ने नॉर्थ ब्लॉक जाकर सीतारमण से मुलाकात की। 
10. सरकारी योजनाओं में रूकावट किए जाने को लेकर किरण बेदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे माल्लादी कृष्ण राव
पुडुचेरी के स्वास्थ्य एवं पर्यटन मंत्री माल्लादी कृष्ण राव ने उपराज्यपाल किरण बेदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने उपराज्यपाल पर निर्वाचित सरकार द्वारा लागू की जाने वाली विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित रूप से अडंगा डालने का आरोप लगाया है।
11. शाहीन बाग को लेकर केरल के राज्यपाल बोले – दूसरों पर विचार थोपना भी आतंकवाद का एक रूप
देश के अनेक हिस्सों में नागरिकता संसोधन कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने शाहीन बाग प्रदर्शकारियों पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा । आरिफ ने शुक्रवार को कहा कि लोग सड़कों पर बैठे हैं और अपने विचार दूसरों पर थोपने के लिये आम जन-जीवन को बाधित कर रहे हैं जोकि आतंकवाद का एक रूप है।
12. इकबाल मिर्ची धनशोधन मामले में दीवान हाउसिंग के चेयरमैन कपिल वधावन को मिली जमानत
मुंबई की एक विशेष अदालत ने गैंगस्टर इकबाल मिर्ची से जुड़ा धनशोधन मामले में आरोपित  दीवान हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (डीएचएफएल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक कपिल वधावन को शुक्रवार को जमानत दे दी।गौरतलब हो कि प्रवर्तन निदेशालय ने 46 वर्षीय वधावन को धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 27 जनवरी को गिरफ्तार किया था। 
13. महाराष्ट्र सरकार अपने मंत्रियों के लिए 18 मंजिला रिहायशी टावर बनाने की तैयारी में जुटी
महाराष्ट्र सरकार ने अपने मंत्रियों के लिए एक 18 मंजिला रिहायशी टावर के निर्माण की योजना बनाई है। दक्षिण मुंबई के मलबार हिल के एक प्लॉट पर यह टावर बनाया जा सकता है। यह प्लॉट 2584 वर्ग मीटर में फैला है और इस पर बना बंगला ‘पुरातन’ करीब 105 वर्ष पुराना है। सचिवों की एक समिति ने 119 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को अनुमति दे दी है। 
14. बॉम्बे HC ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को रेशीमबाग मैदान सभा करने की दी अनुमति
बॉम्बे हाई कोर्ट ने शुक्रवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद को अपने कार्यकर्ताओं के साथ 22 फरवरी को नागपुर के रेशीमबाग मैदान में सभा करने की अनुमति दे दी है। हालांकि अनुमति के साथ कोर्ट ने कुछ शर्ते भी राखी हैं। कोर्ट ने कहा कि सभा धरना या विरोध प्रदर्शन में तब्दील नहीं होना चाहिए और यहां कोई भड़काऊ भाषण नहीं दिया जाएगा। 
15. नसबंदी टारगेट को लेकर हुए विवाद के बाद कमलनाथ सरकार ने वापस लिया फरमान
मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) द्वारा दिए गए अटपटे फरमान को वापस ले लिए गया है। दरअसल, कमलनाथ सरकार ने नसबंदी को लेकर मेल मल्टी पर्पस हेल्थ कर्मचारियों (MPHWs) को टारगेट दिया था। जिसके बाद फरमान को लेकर मचे विवाद के बाद वापस ले लिया। जारी किए गए फरमान में कहा गया था कि अगर वह टारगेट को पूरा नहीं कर सकेंगे तो उनकी सैलरी काटी जाएगी और स्वैच्छिक रिटायरमेंट भी दी जा सकती है। 
16. मुंबई के RK स्टूडियो में लगी भीषण आग,करोड़ों का नुकसान
मुंबई के दादर इलाके में शुक्रवार को RK स्टूडियो में आग लग जाने से फाइलें, कंप्यूटर और फर्नीचर जलकर खाक हो गए। दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है।
17. पश्चिम बंगाल में फिर से चलेंगी ”ऐतिहासिक डबल डेकर बस” – परिवहन विभाग
पश्चिम बंगाल परिवहन विभाग, शहर की सड़कों पर ऐतिहासिक डबल डेकर बसों को एक बार फिर उतारने की तैयारी में है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नयी डबल डेकर बसें मार्च से सड़कों पर नजर आने लगेंगी। 
18. आगामी जून तक FATF की ‘ग्रे लिस्ट’ में ही रहेगा पाकिस्तान
पाकिस्तान जून 2020 तक फाइनैंशल ऐक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) की ‘ग्रे लिस्ट’ में ही रहेगा। वैश्विक आतंकवाद वित्तपोषण पर नजर रखने वाले निकाय फाइनैंशल ऐक्शन टास्क फोर्स (एफएटीएफ) ने शुक्रवार को आतंकवाद के वित्तपोषण पर काबू पाने में नाकामी के कारण पाकिस्तान को अगले चार माह तक यानी जून तक ग्रे लिस्ट में ही रखने का फैसला किया है। 
19. T20 women World Cup: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रनों से दी मात
भारतीय महिला टीम शुक्रवार को आस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 महिला विश्व कप के पहले मुकाबले में अच्छी शुरुआत के बावजूद भी ऑस्ट्रेलिया के सामने सिर्फ 132 रन के स्कोर पर ही ढेर हो गई। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम सिर्फ 115 रन ही बना सकी।
20. IND vs NZ 1st Test: बारिश की वजह से पहले दिन का हुआ खेल खत्म, कोहली-पुजारा हुए फेल, भारत का स्कोर 122/5
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 21 फरवरी शुक्रवार यानी आज से टेस्ट सीरीज का पहला टेस्ट शुरु हो गया है। वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान में पहला टेस्ट खेला जा रहा है। हालांकि बारिश ने टेस्ट के पहले ही दिन खलल डाल दिया। न्यूूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम 122 रन 5 विकेट के नुकसान पर बना पाई। बता दें कि भारतीय टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे नाबाद 38 रन पर खेल रहे हैं और उनका साथ विकेटकीपर बल्‍लेबाज ऋषभ पंत नाबाद 10 रन बनाकर क्रीज पर हैं। 

Desk Team