TOP – 5 NEWS 22 JUNE : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

Summary :

कैप्टन खुद दिल्ली में हैं और आज समिति के सामने पेश होंगे। हालांकि, सिर्फ पंजाब ही अकेला ऐसा राज्य नहीं है जहां कांग्रेस में इतनी सिर-फुटव्वल हो रही है।

1 – राज्यों में अपने ही बने कांग्रेस का सिरदर्द, राहुल-सोनिया दे पाएंगे दवा?
कैप्टन खुद दिल्ली में हैं और आज समिति के सामने पेश होंगे। हालांकि, सिर्फ पंजाब ही अकेला ऐसा राज्य नहीं है जहां कांग्रेस में इतनी सिर-फुटव्वल हो रही है। ऐसे लगभदग आधा दर्जन राज्य हो गए हैं जहां कांग्रेस अपनी अंदरूनी उठापटक में ही उलझकर रह गई है। बीते दिनों राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट भी दिल्ली आए थे और कर्नाटक चीफ डीके शिवकुमार भी। पायलट जहां अशोक गहलोत के साथ काम करने को राजी नहीं हैं तो वहीं डीके शिवकुमार भी अपने सहयोगी के सिद्धारमैया के समर्थकों से खासा नाराज हैं। पार्टी राज्य इकाई में साइडलाइन होने से नाखुश केरल के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रमेश चेनीताला भी बीते हफ्ते राहुल गांधी से मिलकर गए हैं। 
2 – आज कांग्रेस का रुख तय करेगा कश्मीर मामलों का समूह, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह करेंगे अगुवाई
कांग्रेस का जम्मू-कश्मीर मामलों के कोर समूह मंगलवार को बैठक करेगा जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 24 जून को बुलाई गई इस केंद्रशासित प्रदेश के राजनीतिक दलों की बैठक को लेकर पार्टी का रुख तय किया जाएगा। पार्टी सूत्रों ने बताया कि इस डिजिटल बैठक का मुख्य एजेंडा प्रधानमंत्री के साथ होने वाली बैठक को लेकर पार्टी का रुख तय करना है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अगुवाई वाले कांग्रेस के इस समूह में पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद, कर्ण सिंह, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर शामिल हैं।
3 – Weather updates : बारिश के लिए करना होगा चार से पांच दिन का इंतजार
गर्मी व उमस से परेशान लोगों को बारिश के लिए अभी चार से पांच दिन इंतजार करना होगा। इस दौरान तापमान के 40 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 26 जून से 30 जून के बीच दिल्ली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा व पंजाब में मानसून रफ्तार पकड़ सकता है। दिल्ली में कई दिनों से बादलों की आवाजाही है, लेकिन बादल बरस नहीं रहे हैं। सोमवार को भी गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई थी। लेकिन दिन भर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान रखा। हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 37.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आद्र्रता 87 फीसदी व न्यूनतम 45 फीसदी दर्ज की गई।
4 – हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ ममता पहुंचीं सुप्रीम कोर्ट, आज होगी सुनवाई
नारदा स्टिंग टेप मामले में कलकत्ता हाई कोर्ट से झटका लगने के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने सीबीआई द्वारा 17 मई को तृणमूल कांग्रेस के चार नेताओं की गिरफ्तारी के दिन अपनी और प्रदेश के कानून मंत्री मलय घटक की भूमिका को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा हलफनामा दायर करने की इजाजत नहीं दिए जाने के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। न्यायमूर्ति हेमंत गुप्ता और न्यायमूर्ति अनिरुद्ध बोस की पीठ मुख्यमंत्री, घटक और पश्चिम बंगाल द्वारा दायर अलग-अलग अपीलों पर मंगलवार को सुनवाई करेगी। इससे पहले शीर्ष अदालत ने कहा था कि वह घटक द्वारा दायर याचिका पर 22 जून को सुनवाई करेगी।
5 – दिल्ली में पानी के लिए हाहाकर मचना शुरू हुआ, लोग ट्वीट कर मांग रहे निजात
कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति नहीं आने पर लोग दिल्ली जल बोर्ड को ट्वीट कर अपनी दिक्कत की सूचना देने के साथ-साथ उसका समाधान करने का आग्रह कर रहे हैं। दरअसल यमुना नदी एवं गंग नहर से जुड़े पांच जल शोधक संयंत्रों में पानी के उत्पादन में निरंतर गिरावट आ रही है। इस कारण उनसे जुड़े इलाकों के लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि जल बोर्ड ने दावा किया है कि यमुना नदी एवं गंग नहर के पानी में गाद की मात्रा बढ़ने के बावजूद स्थिति नियंत्रण में है और उसके संयंत्र पूरी क्षमता से चल रहे है।

Desk Team