केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मंगलवार को सबरीमाला में सभी उम्र की महिलाओं के प्रवेश के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसके लिए उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल होना पड़ा। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर कर ट्रोलर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया. स्मृति ईरानी ने अपने एक दशक पुराने टीवी सीरियल ‘क्योंकि… सास भी कभी बहू थी’ से अपनी एक तस्वीर शेयर की जिसमें उनका मुंह बंधा हुआ है।
इस तस्वीर के कैप्शन में स्मृति ने लिखा है: ”हम बोलेगा तो बोलेंगे कि बोलता है…” सोशल मीडिया यूजर्स को ईरानी का ट्रोलर्स को जवाब देने का यह अंदाज खूब भा रहा है. कई लोगों ने उनके जवाब देने के तरीके की सराहना की है। अबतक 12 हजार से अधिक लोग इस पोस्ट को लाइक कर चुके हैं।
बता दें कि मंगलवार को ईरानी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर उनका कुछ कहना उचित नहीं है, क्योंकि वह एक केंद्रीय मंत्री हैं।
अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी ने कहा, ”ये तो कॉमन सेंस की बात है। क्या आप पीरियड्स ब्लड से सना हुआ सैनिटरी नैपकिन अपने दोस्त के घर में ले जाएंगे? नहीं ले जाएंगे और क्या आपको लगता है कि ऐसा हमें भगवान के घर यानी मंदिर जाते समय करना चाहिए? यही अंतर है और ये मेरी निजी राय भी है।”
स्मृति ईरानी ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में बताते हुए कहा कि मैं एक हिंदू घर की बेटी हूं और मैंने एक पारसी शख्स से शादी की है. मुझे यकीन है कि मेरे दोनों बच्चे भी पारसी धर्म का पालन करेंगे। उन्होंने बताया कि जब भी वह मुंबई के फायर टेंपल में जाती हैं तो अपने बच्चों को अपने पति को सौंप देती हैं क्योंकि उन्हें मंदिर में खड़े होने से मना कर दिया जाता है। स्मृति ने बताया कि वह सड़क पर या गाड़ी में बैठकर अपने पति और बच्चों का इंतजार करती हैं।
केंद्रीय मंत्री ने इसके बाद ट्विटर के माध्यम से भी अपनी बात रखी थी। हालांकि, अपनी प्रतिक्रिया के लिए वह सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गईं। वहीं बिहार की एक अदालत में उनके खिलाफ केस भी दर्ज किया गया।


Download Android App
Download iOS App



