टीकाकरण तक दिव्यांग व्यक्तियों की पहुंच सहज और सुविधाजनक बनाने के लिए सरकार ने कोविड टीकाकरण के फोटो पहचान पत्र दस्तावेज में यूडीआईडी कार्ड को भी शामिल किया है और इसके लिए जरूरी प्रावधान किये जा रहे हैं तथा यह जल्द को-विन ऐप पर भी उपलब्ध होगा।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को इस बारे में बताया। मंत्रालय ने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 रोधी टीकाकरण के लिए मान्य फोटो पहचान पत्र के तौर पर यूडीआईडी कार्ड के इस्तेमाल को व्यापक रूप में प्रचारित करने का परामर्श दिया है।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि केंद्र 16 जनवरी से सुचारू और प्रभावी टीकाकरण अभियान सुनिश्चित करने के लिए राज्यों के प्रयासों में सहयोग दे रहा है। देश भर में लाभार्थियों की विभिन्न श्रेणियों के टीकाकरण की प्रक्रिया को कारगर बनाने के लिए को-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किया है।
को-विन कोविड टीका वितरण प्रणाली के लिए तंत्र को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में प्रौद्योगिकी बुनियाद है। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को लिखे पत्र में स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के तहत आने वाले दिव्यांग लोगों के सशक्तिकरण विभाग द्वारा दिव्यांगों को जारी विशिष्ट विकलांगता पहचान पत्र (यूडीआईडी) कार्ड में सभी जरूरी विशिष्टताएं हैं।
इसमें व्यक्ति का नाम, जन्म तारीख, लिंग का जिक्र और तस्वीर होती है और कोविड-19 टीकाकरण में पहचान के इस्तेमाल के लिए यह शर्तों को पूरा करता है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘इसलिए टीकाकरण तक दिव्यांग लोगों की पहुंच के लिए यह फैसला किया गया है कि निर्धारित फोटो आईडी दस्तावेजों की सूची में यूडीआईडी को शामिल किया जाए। इसके लिए जरूरी प्रावधान किए जा रहे हैं और जल्द ही यह को-विन में उपलब्ध होगा।’’


Download Android App
Download iOS App



