नई दिल्ली : कांग्रेस ने भाजपा सांसद उदित राज के भारत में ‘मी टू’ अभियान को ‘‘गलत प्रथा’’ करार देने संबंधी बयान की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि यह भाजपा की ‘महिला विरोधी सोच’ को दिखाता है। पार्टी प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ यह बयान बहुत अपमानजनक है। यह भाजपा की महिला विरोधी सोच को दिखाता है।’’ उदित राज ने ‘मी टू’ अभियान को ‘‘गलत प्रथा’’ करार दिया और सवाल उठाया कि 10 साल बाद किसी के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाना कितना प्रासंगिक है?
देश में ‘मी टू’ अभियान जोर पकड़ता दिख रहा है और एक के बाद एक कई महिलाएं मनोरंजन और मीडिया जगत में अपने यौन उत्पीड़न के अनुभवों को साझा कर रही हैं। यह अभियान तब शुरू हुआ जब अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने आरोप लगाया कि अभिनेता नाना पाटेकर ने 2008 में एक फिल्म के सेट पर उनका यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद से कई महिलाओं ने सार्वजनिक रूप से अपने उत्पीड़न के अनुभवों को साझा किया।


Download Android App
Download iOS App



