Ukraine-Russia War : यूक्रेन में एक भारतीय छात्र की मौत, खारकीव में हो रहे हमले में गई जान

Summary :

रूसी सेना ने यूक्रेन के कई शहरों में हमले तेज कर दिए है। इन हमलों में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई हैं।

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहा युद्ध भयंकर रूप लेता जा रहा है। रूसी सेना ने आज यूक्रेन के कई शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। इन हमलों में एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने यह जानकारी दी है।
अरिंदम बागची ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए लिखा कि “बड़े दुख के साथ यह बता रहा हूं कि खारकीव में जो हवाई हमले हो रहे हैं, उसमें एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। फिलहाल मंत्रालय छात्र के परिवार के साथ संपर्क में है। परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।”


मृतक छात्र की पहचान कर्नाटक के रहने वाले नवीन के तौर पर हुई है। नवीन के दोस्तों का कहना है कि यह घटना तब हुई, जब वे ट्रेन पकड़ने के लिए रेलवे स्टेशन जा रहे थे ताकि वह पश्चिमी सीमा पर पहुंच सकें। लेकिन रेलवे स्टेशन से पहुंचने से पहले ही नवीन की गोली लगने से मौत हो गई। 

भारतीय दूतावास ने भारतीयों को जल्द से जल्द कीव छोड़ने को कहा
बता दें कि आज ही सुबह यूक्रेन में भारतीय दूतावास ने सभी भारतीयों को जल्द से जल्द राजधानी कीव छोड़ने को कहा था। इसके बाद से लगने लगा था कि कीव में हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं और वहां भीषण हमले हो सकते हैं। रूसी हमले में भारतीय छात्र के मारे जाने की दुखद खबर आने के बाद भारतीय लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है।

Desk Team