केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से ऑल इंडिया ओबीसी स्टूडेंट्स एसोसिएशन के छात्रों ने मुलाकात की है। दरअसल केंद्र सरकार ने नीट परीक्षाओं में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लागू करने का फैसला किया है। यह मुलाकात इसी सिलसिले में की गई। इस दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार का का आभार व्यक्त भी किया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ऑल इंडिया ओबीसी स्टूडेंट्स एसोसिएशन के छात्रों से मुलाकात हुई। छात्रों ने नीट परीक्षाओं के अखिल भारतीय कोटा में 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को लागू करने और ओबीसी समुदायों को सम्मान, न्याय और अवसर सुनिश्चित करने और पीएम नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने कहा कि छात्रों के पास ओबीसी के सशक्तिकरण और कल्याण को सुनिश्चित करने के तरीकों पर भी बहुमूल्य सुझाव थे। मैंने उन्हें आश्वासन दिया कि पीएम मोदी की सरकार हाशिए पर और कमजोर वर्गों के लिए अवसरों के कैनवास को व्यापक बनाने के लिए काम करेगी और हर संभव प्रयास करेगी।
देश भर में 12 सितंबर को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नीट (यूजी) 2021 परीक्षा आयोजित की जाएंगी।केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक 12 सितंबर को नीट परीक्षा के दौरान कोरोना से रोकथाम के सभी नियमों का पालन किया जाएगा।शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, सामाजिक दूरी के मानदंडों को सुनिश्चित करने के लिए, जिन शहरों में परीक्षा आयोजित की जाएगी, उनकी संख्या 155 से बढ़ाकर 198 कर दी गई है। परीक्षा केंद्रों की संख्या भी 2020 में उपयोग किए गए 3862 केंद्रों से बढ़ाई जाएगी।यह पहला अवसर है जब एमबीबीएस व बीडीएस जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए होने वाली यह परीक्षा 11 अन्य भाषाओं के साथ पंजाबी और मलयालम में भी आयोजित की जाएगी।
गौरतलब है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट 2021 के लिए छात्रों की वरीयता के आधार पर परीक्षा केंद्रो वाले शहरों की व्यवस्था कर रहा है। उम्मीदवारों द्वारा दी गई प्राथमिकताओं के आधार पर परीक्षा के लिए शहर आवंटित किए जा रहे हैं। नीट परीक्षा शहरों में भारत के वह सभी शहर शामिल हैं, जिनमें मेडिकल प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App



