देश में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन जारी है। इस बीच 24 अप्रैल से मुस्लिम समुदाय के पवित्र महीने रमजान की शुरुआत होने जा रही है। वहीं, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने देशवासियों को पवित्र महीना रमजान की मुबारकबाद दी है। नकवी ने मंगलवार को देशवासियों को रमजान की मुबारकबाद देते हुए लोगों से घरों में रहकर ही इबादत करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि कोरोना के कहर के कारण देश के सभी मुस्लिम धर्म गुरुओं, इमामों, धार्मिक-सामाजिक संगठनों एवं भारतीय मुस्लिम समाज ने संयुक्त रूप से 24 अप्रैल से शुरू हो रहे रमजान के पवित्र महीने में घरों पर ही रह कर इबादत, इफ्तार, तरावी एवं अन्य धार्मिक कर्त्तव्यों को पूरा करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि रमजान के पवित्र महीने में धार्मिक, सार्वजनिक, व्यक्तिगत स्थलों पर लॉकडाउन, कर्फ्यू, सोशल डिस्टेंसिंग का प्रभावी ढंग से पालन करने एवं लोगों को अपने-अपने घरों पर ही रह कर इबादत आदि के लिए जागरूक करने के लिए देश के 30 से ज्यादा राज्य वक्फ बोर्डों ने मुस्लिम धर्म गुरुओं, इमामों, धार्मिक-सामाजिक संगठनों, मुस्लिम समाज एवं स्थानीय प्रशासन के साथ मिल कर काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि हाल में ही शब ए बारात को दौरान लोगों ने लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करते हुए घर में ही रहकर अपने पूर्वजों के लिए इबादत की और दुआएं मांगी।


Download Android App
Download iOS App



