कोरोना संकट : PM मोदी की दीया जलाने की अपील का केंद्रीय मंत्रियों ने किया स्वागत

Summary :

पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रधानमंत्री की इस अपील की सराहना करते हुए ट्वीट किया, “आइए, इस अंधेरे को एक साथ हराने का संकल्प लें।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो संदेश के माध्यम से देशवासियों 5 अप्रैल को रविवार रात नौ बजे 9 मिनट तक घर की लाइट बंद कर दीया, मोमबत्ती या टोर्च जलाने की अपील की। बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मोदी की इस अपील का लोगों के बीच प्रसार करने का निर्देश दिया। 
पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने ट्वीट में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जिस प्रकार सभी देशवासियों ने एकजुट होकर कोरोना वायरस के खिलाफ इस जंग को लड़ा है, वह सराहनीय है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने 5 अप्रैल रात 9 बजे घर की लाइटें बंद कर, बालकनी में 9 मिनट के लिए मोमबत्ती, दीया या टॉर्च जलाने का आह्वान किया है। मैं सभी पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।’’ 


बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि इससे लोगों के सामूहिक भरोसे के प्रकाश को फैलाने और कोरोना वायरस संकट के अंधकार को मिटाने में मदद मिलेगी। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रधानमंत्री की इस अपील की सराहना करते हुए ट्वीट किया, ‘‘आइए, इस अंधेरे को एक साथ हराने का संकल्प लें। ’’ 


वहीं सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि हम प्रधानमंत्री के इस अद्भुत कदम का स्वागत करते हैं जो लोगों के मनोबल को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘आइए, हम कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में एकजुटता की भावना को जागृत करें।’’ 


गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से अपील की कि वे कोरोना को पराजित करने की देश की सामूहिक शक्ति को प्रदर्शित करने के लिये रविवार 5 अप्रैल को रात नौ बजे अपने घरों की बालकनी में खड़े रहकर मोमबत्ती, दीया, टॉर्च या मोबाइल की फ्लैशलाइट जलायें। 

प्रधानमंत्री ने देशवासियों के लिये अपने वीडियो संदेश में इस दौरान लोगों से सामाजिक दूरी को बनाये रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सामाजिक दूरी बनाये रखने की लक्ष्मण रेखा को नहीं लांघे क्योंकि कोरोना की श्रृंखला को तोड़ने का यही रामबाण इलाज है। 

Desk Team