डब्ल्यूएचओ भारत के कोवैक्सीन टीके को आपत इस्तेमाल के लिए सूचीबद्ध करने पर अगले हफ्ते करेगा विचार

Summary :

स्वामीनाथन ने रविवार को ट्वीट किया कि कोवैक्सीन को आपात इस्तेमाल के लिए सूचीबद्ध करने पर विचार करने के मकसद से तकनीकी सलाहकार समूह 26 अक्टूबर को बैठक करेगा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन का तकनीकी सलाहकार समूह भारत में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान में इस्तेमाल किए जा रहे कोवैक्सीन टीके को आपत इस्तेमाल के लिए सूचीबद्ध करने पर विचार करने के मकसद से 26 अक्टूबर को बैठक करेगा। वैश्विक स्वास्थ्य एजेंसी की प्रमुख वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन ने यह जानकारी दी।
डब्ल्यूएचओ दस्तावेजों को पूरा करने के लिए भारत बायोटेक के साथ निकटता से मिलकर काम कर रहा है
कोवैक्सीन का निर्माण करने वाली कंपनी ‘भारत बायोटेक’ ने इस टीके के लिए 19 अप्रैल को विश्व स्वास्थ्य संगठन को ईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) सौंपा था। स्वामीनाथन ने रविवार को ट्वीट किया कि कोवैक्सीन को आपात इस्तेमाल के लिए सूचीबद्ध करने पर विचार करने के मकसद से तकनीकी सलाहकार समूह 26 अक्टूबर को बैठक करेगा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘डब्ल्यूएचओ दस्तावेजों को पूरा करने के लिए भारत बायोटेक के साथ निकटता से मिलकर काम कर रहा है।


हमारा लक्ष्य आपात इस्तेमाल के लिए स्वीकृत टीकों का एक व्यापक पोर्टफोलिया रखना और सब जगहों की आबादी तक इसकी पहुंच का विस्तार करना है।’’

भारत विदेशों में टीके की आपूर्ति बहाल करेगा
हाल में भारत बायोटेक ने कहा था कि उसने आपात इस्तेमाल के उद्देश्य से सूचीबद्ध करने के लिए डब्ल्यूएचओ को कोवैक्सीन से जुड़े सभी आंकड़ें दे दिए और वह वैश्विक स्वास्थ्य निगरानी संस्थान से जवाब का इंतजार कर रही है। दुनियाभर में टीकों के सबसे बड़े उत्पादक भारत ने अपने देश की आबादी को टीके लगाने के लिए इनका निर्यात निलंबित कर दिया था। पिछले महीने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एलान किया कि भारत विदेशों में टीके की आपूर्ति बहाल करेगा।

Desk Team