उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मुरादाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने जिले के विकास को नई गति देने के लिए 365 करोड़ रुपये (₹365 Crore Development Projects) से अधिक की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उदीषा महोत्सव मैदान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई लाभार्थियों और व्यापारियों को सम्मानित भी किया। कार्यक्रम ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के अवसर पर आयोजित किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात, कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र, नगर निगम और विकास प्राधिकरण की कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब जनता को समर्पित की जा रही हैं। उनका कहना था कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर जिले में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अयोध्या के बाद अब बारी है बांके बिहारी की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखिलेश यादव की सरकार के समय राम भक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं, लेकिन आज की अयोध्या का स्वरूप त्रेता युग की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि अब समय मथुरा-वृंदावन और बांके बिहारी के विकास का है। सीएम योगी ने अखिलेश यादव से कहा कि उन्हें तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति छोड़कर खुलकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि और मथुरा-वृंदावन के बारे में अपनी राय रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मथुरा-वृंदावन के विकास का काम उनकी सरकार करेगी, लेकिन समाजवादी पार्टी को भी इस मुद्दे पर साफ-साफ बोलना चाहिए। तभी लोगों को उनकी बात पर भरोसा होगा।
योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि जनता अब समाजवादी पार्टी की राजनीति को समझ चुकी है। उनके मुताबिक, सपा की साइकिल अब पंचर हो चुकी है और उसकी राजनीतिक रफ्तार खत्म हो गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब आगे कोई रास्ता नहीं बचता, तब लोग भगवान राम का नाम लेने लगते हैं। यदि इस जन्म में नहीं, तो अगले जन्म में ही उनका कल्याण हो जाए। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने कल्याण के लिए कुछ न कुछ करता है, इसलिए जनता को किसी भी राजनीतिक भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए।
अब बारी है बांके बिहारी की… pic.twitter.com/yrP08yzMMI
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 29, 2026
सरकारी खर्च को लेकर अखिलेश यादव पर साधा निशान

सीएम योगी ने कहा कि पहले सरकारी धन का इस्तेमाल कब्रिस्तान जैसी योजनाओं पर अधिक होता था, जबकि अब वही पैसा मंदिरों के विकास, सड़क, बिजली, पानी और अन्य जनहित के कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की कानून-व्यवस्था कमजोर थी और रोजगार के अवसर भी सीमित थे। उन्होंने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में निवेश बढ़ा है, रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और कानून-व्यवस्था पहले की तुलना में काफी बेहतर हुई है।
मुरादाबाद की बदली पहचान

सीएम योगी ने कहा कि कुछ साल पहले मुरादाबाद की पहचान दंगों और तनाव की घटनाओं से जुड़ी रहती थी, लेकिन अब यह शहर अपनी पीतल उद्योग, किसानों और विकास कार्यों के लिए जाना जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का हर जिला शांति, विकास और रोजगार के नए मॉडल के रूप में आगे बढ़े।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि उत्तर प्रदेश अब विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और सरकार का लक्ष्य हर क्षेत्र में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जनता से विकास कार्यों में सहयोग करने और प्रदेश को आगे बढ़ाने की अपील भी की।
यह भी पढ़ें: राम मंदिर डोनेशन चोरी मामले में SC का तुरंत सुनवाई से इनकार, 12 जुलाई के बाद होने की संभावना


Download Android App
Download iOS App




