अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिये विश्व हिंदू परिषद द्वारा चंदे के तौर पर संग्रहित मूल्य के करीब 15000 बैंक चेक बाउंस हो गए हैं। मंदिर निर्माण के लिये केंद्र द्वारा बनाए गए न्यास ‘श्री राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र’ की एक ऑडिट रिपोर्ट में कहा गया कि चेक खातों में कम रकम होने या फिर कुछ तकनीकी खामियों की वजह से बाउंस हुए।
न्यास के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा ने कहा कि तकनीकी गड़बड़ी के समाधान के लिये बैंक काम कर रहे हैं और वे लोगों से फिर से दान करने के लिये कह रहे हैं। इन चेक में से लगभग 2000 अयोध्या से संग्रहित किये गए थे। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने 15 जनवरी से 17 फरवरी तक चंदा इकट्ठा करने के लिये राष्ट्रव्यापी अभियान के दौरान ये चेक संग्रहित किये थे।
इस अभियान के दौरान करीब 5000 करोड़ की रकम जुटाई गई थी हालांकि न्यास द्वारा अभी एकत्रित रकम के बारे में अंतिम आंकड़े जारी नहीं किये गए हैं। स्वामी गोविंद देव गिरी ने कहा कि हम बाउंस हुए चेकों को वापस कर रहे हैं और डोनेट करने वाले लोगों से अपील है कि वह एक बार फिर से नया चेक जारी करें। हालांकि चेक बाउंस होने वाली यह संख्या काफी ज्यादा है।


Download Android App
Download iOS App



