उत्तर प्रदेश में संक्रमण से 226 मरीजों ने तोड़ा दम, सामने आये 6046 नए केस

Summary :

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को 226 और मरीजों की मौत हो गई जबकि संक्रमण के 6,046 नये मामले सामने आये हैं।

उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण से शनिवार को 226 और मरीजों की मौत हो गई जबकि संक्रमण के 6,046 नये मामले सामने आये हैं। अपर मुख्‍य सचिव स्‍वास्‍थ्‍य अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि संक्रमण के मामलों में खासी कमी आई है।
उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल को राज्‍य में सर्वाधिक 38,055 मामले आये थे और उसकी तुलना में आज सिर्फ 6,046 मामले आये जो 84.02 प्रतिशत कम हैं। प्रसाद ने बताया कि 6,046 नये संक्रमितों के सापेक्ष पिछले 24 घंटे में 17,540 कोरोना संक्रमित स्वस्थ होकर घर गए हैं और अब तक प्रदेश में 15,51,716 मरीज संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि कोरोना संक्रमण से स्वस्थ होने वाले मरीजों का प्रतिशत अब 93.02 प्रतिशत हो गया है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिछले 22 दिनों में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कमी आई है। इस समय प्रदेश में 94,482 मरीज उपचाराधीन हैं जो 30 अप्रैल के सक्रिय मामलों 3,10,783 की तुलना में 69.06 प्रतिशत कम हैं।
अपर मुख्‍य सचिव ने कहा कि राज्य ने नमूनों की जांच को लेकर नया रिकॉर्ड बनाया है और शुक्रवार को पिछले 24 घंटे में तीन लाख से अधिक जांच करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है। प्रसाद के अनुसार, अभी तक राज्य में 4.64 करोड़ से अधिक नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

Desk Team