उत्तर प्रदेश में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप लगातार तेज है। राज्य में इस खतरनाक वायरस का फैलाव थमने का नाम नहीं ले रहा है और हर दिन संक्रमितों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 74 और लोगों की मौत हो गई तथा 5,716 नए रोगियों में संक्रमण की पुष्टि हुई।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बुधवार को यहां बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोविड-19 संक्रमित 74 और लोगों की मौत हो गई। इस तरह प्रदेश में इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या 3,616 हो गई है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में राज्य में कोरोना वायरस के 5,716 नए मामले सामने आये है। राज्य में इस समय 56,459 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।
प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में अब तक 18,1364 लोग कोरोना वायरस से पूरी तरह उबर चुके हैं। प्रसाद ने स्पष्ट किया कि कोविड-19 संक्रमित जितने भी लोगों की मौत होती है उनकी मृत्यु को कोविड-19 के कारण हुई मौतों में शामिल किया जाता है लेकिन हर बार यह जरूरी नहीं होता कि हर एक मृत्यु का कारण कोरोना वायरस ही हो।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 संक्रमित लोगों में से कई लोग दिल या गुर्दे के मरीज होते हैं या फिर किसी को मस्तिष्क पक्षाघात होता है लेकिन यह प्रोटोकॉल है कि अगर मृतक कोविड-19 संक्रमित है तो उसकी मौत को कोरोना वायरस के कारण हुई मौत माना जाता है। अपर मुख्य सचिव ने कहा कि सोमवार को प्रदेश में 1,36,240 नमूनों की जांच की गई। अब तक प्रदेश में 59,13,584 नमूनों की जांच की जा चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



