राहत की खबर : गौतमबुद्ध नगर में कोरोना वायरस के 62 फीसदी मरीज हुए ठीक

Summary :

अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और यहां के विभिन्न प्राधिकरण संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं।

नोएडा के गौतम बुद्ध नगर जिले से कोरोना वायरस (कोविड-19) को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। जिले में कोरोना से संक्रमित पाए गए लोगों में से 62 प्रतिशत लोग इलाज़ के बाद स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। लोगों और प्रशासन के लिए यह जानकारी राहत देने वाली है। 
जिलाधिकारी गौतम बुध नगर सुहास एल वाई ने बताया कि गौतम बुद्ध नगर में रविवार तक 115 लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए। उन्होंने बताया कि इनमें से अब तक 71 लोग यहां विभिन्न अस्पतालों में इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। इन 71 लोगों में 7 लोग ऐसे हैं जो 60 वर्ष से ज्यादा उम्र के हैं। 

UP सरकार का ‘आगरा मॉडल’ असफल होकर आगरा को बना देगा वुहान : अखिलेश यादव

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुनील दोहरे ने बताया कि जिले में अब तक स्वस्थ हुए 71 लोगों में से सात लोग 60 की उम्र पार कर चुके हैं। अधिकारी ने बताया कि कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और यहां के विभिन्न प्राधिकरण संयुक्त रूप से काम कर रहे हैं। 
उन्होंने बताया कि यहां बंद का सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन यहां रह रहे विभिन्न कंपनियों के कर्मचारियों, दिहाड़ी मजदूरों तथा छोटे-मोटे रोजगार करने वाले लोगों के लिए खान-पान की व्यवस्था कर रहा है। मनरेगा मजदूरों तथा दिहाड़ी मजदूरों के खातों में जिला प्रशासन धन भेज रहा है। 
जिलाधिकारी ने बताया कि कोविड-19 को रोकने के लिए दिल्ली से गौतम बुद्ध नगर में प्रवेश को पूर्णतय: प्रतिबंधित कर दिया गया है। आवश्यक सेवाओं एवं आवश्यक कार्यों से जुड़े लोगों को जिले में पास के आधार पर ही आने की अनुमति दी जा रही है।

Desk Team