उत्तर प्रदेश में कमजोर पड़ती कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच करीब 73 दिनों बाद राज्य में एक दिन में नये मामलों की संख्या 500 से कम दर्ज की गयी है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि पिछले 24 घंटे में वैश्विक महामारी से ग्रसित 468 नये मामले सामने आये है। इससे पहले 21 मार्च को एक दिन में 500 से कम केस दर्ज किये गये थे। इस दौरान 1221 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुये है।
बीते 24 घंटों में 2,89,943 सैम्पल जांचे गए, जिसमें सवा लाख सैम्पल आरटीपीसीआर माध्यम से टेस्ट किये गए। राज्य में फिलहाल सक्रिय मामलों की संख्या 8,986 हो गयी है। पिछले 24 घंटों में कुल पॉजिटिविटी दर मात्र 0.2 प्रतिशत रही, जबकि रिकवरी दर 98.2 फीसदी हो गई है। कोरोना महामारी के बीच अब तक 16 लाख 71 हजार 852 प्रदेशवासी कोविड संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना प्रबंधन के लिये गठित टीम-09 की बैठक में कहा कि प्रदेश में कोरोना महामारी की स्थिति हर दिन के साथ और नियंत्रित होती जा रही है। वायरस अब कमत्रोर पड़ चुका है, लेकिन संक्रमण का खतरा अब भी बना हुआ है। इसलिये और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।
उन्होने कहा कि पिछले 12 दिनों में लगभग 46 लाख लोगों ने टीका-कवर प्राप्त किया है। बीते 24 घंटों में 18 से 44 आयु वर्ग के 2,35,683 लोगों सहित 04 लाख 58 हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन कवर लिया है। अब तक प्रदेश में 02 करोड़ 29 लाख 35 हजार 815 डोज लगाई जा चुकी है। हमें अगले माह से प्रतिदिन 10-12 लाख वैक्सीन डोज लगाने के लक्ष्य के सापेक्ष तैयारी करनी होगी। कोल्ड चेन को व्यवस्थित रखते हुए इस संबंध में सभी जरूरी तैयारी समय से पूरी कर ली जाएं।
योगी ने कहा कि प्रदेश में कोविड संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। स्थिति सामान्य हो रही है, लेकिन हमें यह समझना होगा कि वायरस कमजोर हुआ है, खत्म नहीं हुआ। संक्रमण कम हुआ है, पर जरा सी लापरवाही संक्रमण को फिर बाधा सकती है। सभी लोग मास्क, सैनिटाइजेशन, सोशल डिस्टेंसिंग जैसे कोविड बचाव के व्यवहार को जीवनशैली में शामिल करें। बहुत जरूरी हो तभी घर से बाहर निकलें। भीड़ से बचें। पुलिस बल सक्रिय रहे।


Download Android App
Download iOS App



