उत्तर प्रदेश के आमों पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर उनकी आलोचना करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके कैबिनेट सहयोगियों, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं को उच्च गुणवत्ता वाले आम भेजे हैं।
आम की पेटियों के साथ लिखे एक पत्र में मुख्यमंत्री ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के आम विश्व प्रसिद्ध हैं। दशहरी, चौसा, लंगड़ा और गवरजीत जैसी किस्में न केवल भारत में, बल्कि पूरे विश्व में प्रसिद्ध हैं। इस पत्र में आगे लिखा गया कि राज्य की राजधानी के पास स्थित काकोरी का ऐतिहासिक महत्व है। स्वतंत्रता संग्राम में इस स्थान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
काकोरी (मलिहाबाद) आम उत्पादन का प्रमुख केंद्र है। पिछले कुछ वर्षो में राज्य सरकार ने काकोरी ब्रांड के नाम से आम का वितरण शुरू किया है। यहां (काकोरी) से कुछ आमों को खाने के लिए आपके पास भेजा गया है। मुझे उम्मीद है कि इन आमों का स्वाद और मिठास आपको पसंद आएगी। हालांकि, मुख्यमंत्री ने गैर-भाजपा मुख्यमंत्रियों को आम के डिब्बे नहीं भेजे हैं। सीएम सचिवालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, अन्य पार्टियों के नेताओं को यूपी के आम पसंद नहीं हैं।
दरअसल, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने पेगासस जासूसी मामले में शुक्रवार सुबह संसद के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए जब वे केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला के साथ आ रहे थे, तब कुछ पत्रकारों ने उनसे आम को लेकर सवाल पूछ लिया, जिसके जवाब में राहुल ने कहा कि मुझे यूपी के आम नहीं पसंद हैं। मुझे आंध्र प्रदेश के आम पसंद हैं। लंगड़ा फिर भी ठीक है, लेकिन दशहरी मेरे लिए काफी मीठा है।


Download Android App
Download iOS App



