उत्तर प्रदेश से एक स्विस नागरिक के साथ ठगी का मामला सामने आया है। दरअसल, आगरा में ताजमहल के पूर्वी गेट पर घूमने आये स्विस नागरिक को एक दूकानदार समेत दो अन्य लोगों ने ज्यादा क़ीमत पर कलाकृतियां बेच कर ठग लिया। ठगी के आरोप में धारा-420 के तहत मामला दर्ज़ कर गिरफ़्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में ताजमहल के गेट पर स्थित एक एंपोरियम का मालिक, एक सेल्समैन और एक टूरिस्ट गाइड शामिल हैं।
संगमरमर से बना एक बॉक्स और एक शतरंज का सेट बेचा
कथित तौर पर ताजमहल का दौरा करने वाली इसाबेल को 37,500 रुपये में संगमरमर से बना एक बॉक्स और एक शतरंज का सेट बेचा। जब पीड़िता ने देखा कि वही कलाकृतियां दूसरे स्टोर पर बहुत कम कीमत पर बेची जा रही हैं, तो उनको एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी की गई है। इसाबेल द्वारा दायर शिकायत पर, आरोपी दुकानदार मालिक हैदर अली, सेल्समैन आमिर और टूर गाइड फुरकान अली के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
ताजमहल घूमने के दौरान इसाबेल, फुरकान अली के संपर्क में आई
ताज सुरक्षा के एसीपी सैयद अरीब अहमद ने कहा, बीते रविवार को ताजमहल घूमने के दौरान, इसाबेल फुरकान अली के संपर्क में आई, जिसने उसे स्मारक के पूर्वी द्वार पर स्थित एक संगमरमर और कपड़ा एम्पोरियम में खरीदारी करने के लिए राजी किया। विक्रेता, आमिर ने चयनित वस्तुओं की कीमत की गणना 80,000 रुपये की। मालिक हैदर के साथ सौदेबाजी के बाद आइटम 37,500 रुपये में बेच दिया गया। इसाबेल ने अपने वीजा क्रेडिट कार्ड का उपयोग कर भुगतान किया और उसे सूचित किया गया कि आइटम उसके पते पर नि:शुल्क पहुंचाए जाएंगे। बाद में, होटल जाने के रास्ते में, वह दूसरे एम्पोरियम में गई और वही सामान 4,900 रुपये में उपलब्ध पाया।
शिकायत के आधार पर FIR दर्ज
स्विस नागरिक के शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गयी। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की वीडियो रिकार्डिग बरामद कर ली गई है। इस बीच, एक टूरिस्ट गाइड ने कहा, आगरा में ताजमहल देखने आने वाले कई पर्यटक ठगा हुआ महसूस करते हुए घर वापस चले जाते हैं। ऐसे मामले बढ़ गए हैं क्योंकि अधिकांश पर्यटक पुलिस से संपर्क नहीं करते हैं।


Download Android App
Download iOS App



