उत्तर प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच आगरा से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे कमला नगर इलाके के कर्मयोगी एन्क्लेव चौराहे के पास अचानक सड़क बीचों-बीच से धंस गई। बारिश के बाद पाइपलाइन में हुए लीकेज की वजह से मिट्टी खिसकती चली गई, जिससे सड़क पर करीब 20 फीट गहरा और 10 फीट चौड़ा बड़ा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सड़क पर कोई वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
गड्ढे में उतरे सपा नेता
जैसे ही इस घटना की सूचना समाजवादी पार्टी के नेता नितिन कोहली को मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंच गए। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे सीढ़ी लगाकर सीधे 20 फीट गहरे गड्ढे में उतरते हुए नजर आ रहे हैं।
सपा नेता ने इस अनोखे अंदाज में प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराते हुए विकास कार्यों पर तीखा निशाना साधा। इसके बाद जलकल विभाग के जीएम कुमार गौरव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
यूपी : आगरा में बारिश से सड़क धंस गई। सपा नेता नितिन कोहली ने गड्ढे में उतरकर “विकास” की गहराई मापी।@madanmohansoni pic.twitter.com/sdy9dDtmxK
— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 7, 2026
स्थानीय लोगों ने सड़क की तकनीकी जांच की मांग की
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इसी इलाके के आसपास पिछले एक महीने के अंदर सड़क धंसने की यह तीसरी घटना है। इससे 10 फीट की दूरी पर पहले भी सड़क धंस चुकी है। जानकारी के मुताबिक, इस पॉश इलाके के रास्ते से हर रोज 25 से 30 स्कूल-कॉलेज की बसें और हजारों वाहन गुजरते हैं, जिससे बड़ा खतरा बना हुआ है। बार-बार सड़क धंसने से डरे हुए स्थानीय लोगों ने सिर्फ गड्ढे की खानापूर्ति करने के बजाय पूरी सड़क की तकनीकी जांच कराने और स्थायी समाधान की मांग की है।
इस तरह की घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े करती हैं और सरकारी योजनाओं की पोल खोल देती हैं।


Download Android App
Download iOS App




