Patna Road Accident Violence: बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जो देखते ही देखते एक बवाल में बदल गया। दरअसल, बाईपास थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 26 साल के मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से नाराज लोगों का गुस्सा देखते ही देखते सड़क पर फूट पड़ा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के विरोध में लोगों ने नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, माहौल और अधिक तनावपूर्ण होता चला गया।
बस में लगाई आग, बढ़ी अफरा-तफरी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने दुर्घटना में शामिल बस को चारों ओर से घेर लिया। कुछ ही देर में बस में आग लगा दी गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। जलती बस को देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई गाड़ी डाइवर अपनी गाड़ियां छोड़कर सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ होने के चलते वह तुरंत कार्रवाई नहीं कर सकी। हालात इतने तनावपूर्ण थे कि दमकलकर्मियों को कुछ समय तक पीछे हटना पड़ा। पुलिस ने भी लोगों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी।
पुलिस और मीडिया पर भी पथराव
वहीं गुस्साई भीड़ घटनास्थल के आसपास खड़े चार से पांच अन्य गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते कई गाड़ियां जलने लगीं। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे की वजह से हाईवे पर लंबे समय तक ट्रैफिक ठप रहा और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
भारी हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस और मीडिया कर्मियों पर पत्थर फैंके। इस दौरान उन्हें पीछे हटना पड़ा लेकिन बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद हालात धीरे-धीरे कंट्रोल में आने लगे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस अब सड़क हादसे के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही हिंसा, आगजनी और पथराव में शामिल लोगों की पहचान भी की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
यह भी पढ़ें: जब आमने-सामने आए किंग कोबरा और विशाल अजगर, खौफ से खाली करना पड़ा मकान!



Download Android App
Download iOS App




