मेनका गांधी को लेकर दिए बयान पर अड़े अजय विश्नोई, बोले-मैंने उनके बारे में जो कहा वह उपयुक्त

Summary :

मेनका गांधी को लेकर दिए बयान पर अजय विश्नोई ने रविवार को सफाई देने के बजाए कहा, वह हमारी पार्टी की सांसद हैं लेकिन मैं उन्हें नेता नहीं मानता।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बीजेपी सांसद मेनका गांधी द्वारा आगरा के एक पशु चिकित्सक के साथ किए गए व्यवहार को लेकर अपनी ही पार्टी के निशाने पर आ गई हैं। मध्य प्रदेश के बीजेपी विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने इस विवाद में मेनका गांधी को घटिया महिला तक कह दिया। अपने इस इस बयान पर कड़ा रुख अपनाते हुए विश्नोई ने कहा कि मैंने उनके बारे में जो कहा वह उपयुक्त है।
मेनका को लेकर दिए बयान पर अजय विश्नोई ने रविवार को सफाई देने के बजाए कहा, वह हमारी पार्टी की सांसद हैं लेकिन मैं उन्हें नेता नहीं मानता। पशु चिकित्सक को फोन करने के दौरान उसका शर्मनाक व्यवहार किसी पुरुष या महिला को शोभा नहीं देता। मैंने उनके बारे में जो कहा वह उपयुक्त है।
दरअसल, मेनका गांधी ने आगरा के एक पशु चिकित्सक को कथित रूप से गालियां दीं एवं उनका लाइसेंस रद्द कराने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर इस संबंध में ऑडियो क्लीप सामने आने के बाद विरोध शुरू हो गया जिसमें गांधी ने चिकित्सक एन एल गुप्ता की डिग्रियों पर भी प्रश्नचिन्ह लगाया है। वह एक व्यक्ति से उसके कुत्ते की सर्जरी करने के लिए गए पैसे भी लौटाने के लिए कह रही हैं।
ऑडियो क्लीप में आवाज की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकती है, लेकिन चिकित्सक ने आरोप लगाए कि उन्हें सीतापुर की सांसद ने फोन किया था। कथित बातचीत के दौरान गांधी ने चिकित्सक के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया जबकि चिकित्सक उन्हें ‘‘मैडम’’ कहते सुनाई दे रहे हैं। 
ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने कहा, मेनका गांधी निहायत ही घटिया महिला है। मैं बहुत ही शर्मिंदा हूँ कि वे मेरी पार्टी की सांसद  है। पूर्व मंत्री ने अपने ट्वीट पर लिखा है कि बीते दिन जिस तरह से बीजेपी सांसद मेनका गांधी ने पशुचिकित्सक डॉ विकाश शर्मा को अपशब्द कहे वह बहुत ही निंदनीय है।

Desk Team