श्री कृष्ण जन्मभूमि परिसर स्थित शाही मस्जिद ईदगाह में कथित तौर पर हनुमान चालीसा का पाठ करने जा रहे अखिल भारत हिंदू महासभा (एबीएचएम) के एक नेता को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि संगठन के सात-आठ अन्य नेताओं को भी शहर के विभिन्न थानों में उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया है। अखिल भारत हिंदू महासभा ने बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी को चिह्न्ति करने के लिए शाही मस्जिद ईदगाह के अंदर हनुमान चालीसा का पाठ करने का आह्वान किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) मरतडेय सिंह ने कहा कि पुलिस ने अखिल भारत हिंदू महासभा के आगरा क्षेत्र प्रभारी सौरभ शर्मा को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह परिसर में स्थित ईदगाह मस्जिद की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महासभा की अध्यक्ष राजश्री चौधरी और कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा उन लोगों में से नहीं हैं जो अपने घरों में बंद हैं और पुलिस को दोनों के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

अयोध्या में बाबरी मस्जिद को ‘कारसेवकों’ ने 6 दिसंबर 1992 को गिरा दिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शैलेश कुमार पांडेय ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को खराब नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों का पालन किया जाएगा और सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधात्मक आदेशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। संगठन ने पिछले साल भी ऐसा ही आह्वान किया था, लेकिन जिला प्रशासन ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया था।


Download Android App
Download iOS App



