समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को यानी आज राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी और उनकी सहयोगी पार्टी महान दल की सरकार बनेगी। ”महान दल ने ठाना है-सपा की सरकार बनाना है” के नारों के बीच यादव ने रविवार को सपा मुख्यालय में महान दल के कार्यकर्ता सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित किया।
उन्होंने कहा, ”जो नारा आपने दिया है, उसे कई कार्यक्रमों में सुना गया है। कासगंज की ऐतिहासिक जनसभा में आपकी पार्टी की टोपी और आपका झंडा लहराता दिख रहा था और हम लोग किसानों के समर्थन में खड़े हुए थे। जो नारा वहां शुरू हुआ था, वह लखनऊ के करीब आ गया है।” दरअसल कासगंज में इसी वर्ष मार्च महीने में 3 कृषि कानूनों के खिलाफ महान दल और सपा ने एक महापंचायत आयोजित की थी और उसी दिन अखिलेश यादव ने संकेत दिया था कि सपा और महान दल मिलकर विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे।
यादव ने कहा,‘‘ अभी तक तो मैं 350 सीटों पर जीत की बात कह रहा था लेकिन महान दल से कार्यक्रम तय होने के बाद 400 सीट पर जीत पक्की हो गई है।’’ सपा प्रमुख ने राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को नकली केशव बताते हुए कहा कि असली केशव तो महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य हैं। उन्होंने कहा,‘‘ भाजपा के लोग जातिवार जनगणना नहीं कराना चाहते हैं और हमारे-आपके बीच लड़ाई कराना चाहते, लेकिन अगर सपा की सरकार बनेगी तो यह जनगणना होगी।’’
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा, ”क्या आपको लगता है कि वे योगी हैं, सोचो कि उनकी भाषा क्या है, उन्होंने नेताजी के बारे में क्या कहा। वैसे हम उस झगड़े में नहीं पड़ेंगे लेकिन असली लड़ाई यह है कि क्या उत्तर प्रदेश खुशहाली के रास्ते पर जाएगा या नहीं, क्योंकि उन्होंने (योगी) विकास रोक दिया है और उनका विकास केवल विज्ञापनों में है।” कार्यक्रम को महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने भी संबोधित किया।


Download Android App
Download iOS App



