समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया कि विनाश की राजनीति करने वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का उत्तर प्रदेश में खाता नहीं खुलेगा और गठबंधन पर विश्वास जताने वाले मतदाताओं की नये प्रधानमंत्री की तलाश पूरी होगी। कविनगर के रामलीला मैदान पर सोमवार को एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुये श्री यादव ने कहा कि सपा- बहुजन समाज पार्टी(बसपा) और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) गठबंधन से देश भर में स्पष्ट संदेश गया है कि इस बार लोकसभा चुनावों में भाजपा का खाता खुलने वाला नहीं है।
जनता समझ गई है कि यह चुनाव गणतंत्र की अस्मिता और लोकतंत्र के बचाव का है। यह गठबंधन महापरिवर्तन लायेगा। श्री यादव ने कहा कि नया भारत नया प्रधानमंत्री बनायेगा। भाजपा ने देश में शिक्षा-स्वास्थ्य, रोजगार को बदहाल कर दिया है। केन्द, सरकार उद्योगपतियों के इशारे पर काम कर रही हैं। नोटबंदी-जीएसटी से व्यापार चौपट हुआ है।
कामधंधे बंद हुए हैं, कर्मचारियों की छंटनी हुई है। भाजपा विकास की नहीं विनाश की राजनीति करती है। उन्होने कहा कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों समेत समाज के हर वर्ग को धोखा दिया है। भाजपा से अब उसके कामों का हिसाब लिया जाएगा। गाजियाबाद क्षेत्र में सबसे ज्यादा विकास कार्य सपा और बसपा की सरकारों में हुए।
गाजियाबाद में छह लेन सड़क, मेट्रो, कई फ्लाईओवर समाजवादी सरकार ने बनाए। भाजपा के पास अपना एक काम गिनाने के लिए नहीं है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने जब अपने दो संकल्प पत्रों के वादे नहीं निभाए तो अब तीसरे संकल्पपत्र पर कौन विश्वास करेगा। भाजपा ध्यान हटाने में माहिर हैं। उसका काम समाज में नफरत फैलाना हैं। जो पहले चायवाला था अब चौकीदार बन गया है।
कई उद्योगपति बैंको की लम्बी रकम लेकर विदेश भाग गए चौकीदार देखता ही रह गया है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने वोट की ताकत से भाजपा को सत्ता से बेदखल कर दें। गठबंधन के लिए पड़ने वाले वोट बंटने न पाएं। उन्होने कहा कि भाजपा राज में सीमाएं सुरक्षित नहीं। कोई दिन नहीं जाता जब कोई न कोई जवान शहीद न होता हो। शहीद परिवारों को एक करोड़ रूपये की मदद मिलनी चाहिए। कालाधन लाने का वादा, भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा सिर्फ वादा ही रहा। यह सरकार किस दिशा में जा रही है कोई नहीं जानता।


Download Android App
Download iOS App



