उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने के एक दिन बाद समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को मतदाताओं को धन्यवाद देते हुये कहा कि विकास के लिये वह निरंतर वचनबद्ध रहेंगे । यादव ने ट्वीट किया, ”उपचुनावों में समर्थन देने वाले सभी मतदाताओं का हार्दिक धन्यवाद । विकास के लिये हम निरंतर वचनबद्ध रहेंगे।”
उपचुनावों में समर्थन देने वाले सभी मतदाताओं का हार्दिक धन्यवाद!
विकास के लिए हम निरंतर वचनबद्ध रहेंगे.
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 11, 2020
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार लकी यादव ने मल्हनी सीट के लिए हुए उपचुनाव में जीत हासिल की है। यह सीट उनके पिता पारस नाथ यादव के निधन के बाद खाली हुई थी। लकी ने निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह को 4,632 वोटों से हराया था। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के तीन प्रत्याशी जावेद अब्बास (नौगांव सादात) महाराज सिंह डांगर (टुंडला) और ब्रहमशंकर त्रिपाठी (देवरिया) नंबर दो पर रहे थे।
वहीं, उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को छह सीटों पर मिली जीत पर खुशी जाहिर करते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों पर जनता की मुहर है। चुनाव परिणामों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मोदी हैं तो मुमकिन है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में योगी ने मंगलवार को कहा कि यह जीत बेहतरीन ‘टीम वर्क‘ का नतीजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ। दिनेश शर्मा तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल के साथ बूथ के उन लाखों कार्यकर्ताओं ने ‘संगठन ही सेवा‘ के भाव को आत्मसात करते हुए काम किया। परिणाम स्वरूप, भाजपा ने उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में शानदार जीत हासिल की।


Download Android App
Download iOS App



