अखिलेश यादव और इंडिया ब्लॉक के नेता पूरी तरह से फ्रस्ट्रेशन में : ब्रजेश पाठक

Summary :

उपमुख्यमंत्री का विपक्ष पर हमला: इंडिया ब्लॉक और सपा नेता परेशान

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विपक्षी दलों पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और इंडिया ब्लॉक के नेता पूरी तरह से फ्रस्ट्रेशन में हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सोमवार को विधानसभा पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुंभ की सफलता के बाद छोटे-बड़े और अमीर-गरीब का विभेद इंडी गठबंधन ने खड़ा किया था। वह महाकुंभ की सफलता से ध्वस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव और इंडी गठबंधन के नेता पूरी तरह से फ्रस्ट्रेशन में और परेशान हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इनके पेट में दर्द हो रहा है कि सनातन संस्कृति पूरी दुनिया में सर्वोच्च शिखर की ओर कैसे जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज हम कह सकते हैं कि महाकुंभ में देश-दुनिया का सनातन धर्म मानने वाला व्यक्ति वहां पहुंचना चाहता है। अब लोग गांव-शहरों में आपस में चिह्नित कर रहे हैं कि कौन अभी स्नान के लिए रह गया है। देश-दुनिया में सनातन के अनुयायियों का स्वागत और अभिनंदन करता हूं कि आपने भारत की संस्कृति की रक्षा करते हुए इसे चरमोत्कर्ष पर पहुंचाने का काम किया है। उनका बहुत-बहुत अभिनंदन और स्वागत करता हूं।

उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सनातन के खिलाफ बोलने के बयान को लेकर विपक्षी दलों पर हमला बोला और कहा कि यह वह लोग हैं जो रोजा-इफ्तार करके अपने को प्रफुल्लित पाते थे। अगर कोई तिलक लगाता और कलावा बंधवाता है तो उस पर टिप्पणी करते हैं। वोट मांगना होता है तो कोट पर जनेऊ पहनते हैं। ये लोग रंगे सियार हैं। इन्हें जनता ने पूरी तरह से नकार दिया है। इस बार के महाकुंभ ने पूरी दुनिया में भारत माता का परचम लहराने का काम किया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.