समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के 81वें जन्मदिन के बहाने यादव परिवार में एकता दर्शाने की शिवपाल सिंह यादव की तमाम कवायद पर उनके भतीजे एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सालगिरह का कार्यक्रम अलग से मनाकर पानी फेर दिया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी मुख्यालय में केक काटकर और कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरण कर अपने पिता का जन्मदिन मनाया वहीं दूसरी ओर शिवपाल सैफई के लिये रवाना हो गये जहां वह अपने बड़े भाई की सालगिरह एकता दिवस के तौर पर मनायेंगे और दंगल का आयोजन करेंगे।

गुरूवार रात नई दिल्ली से लखनऊ आये श्री मुलायम सिंह यादव पार्टी मुख्यालय में अपना जन्मदिन मना सकते हैं लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि वह इस मौके पर अपने गृहनगर इटावा के सैफई जायेंगे कि नहीं। इससे पहले कयास लगाये जा रहे थे कि संसद सत्र चलने के कारण मुलायम अपना जन्मदिन दिल्ली में मनायेंगे।

लखनऊ में सपा मुख्यालय को मुलायम के जन्मदिन के मौके पर सजाया गया था और कार्यकर्ता ढोलक की थाप पर जमकर थिरके। सपा आलाकमान ने जिलों में सपा संस्थापक का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के दिशा निर्देश दिये थे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) अध्यक्ष शिवपाल ने पिछले सप्ताह नरम रूख अपनाते हुये अपने भतीजे और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को इशारा किया था कि वह बगैर शर्त सपा में दोबारा शामिल होने को तैयार हैं। वह 2022 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाये जाने का समर्थन करेंगे।

उन्होने मुलायम का जन्मदिन समारोह मिलकर मनाने की सलाह दी थी। इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह यादव को उनके जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होने ट्वीट किया ‘‘ मै ईश्वर से श्री मुलायम सिंह यादव के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।


Download Android App
Download iOS App



