उप्र विधानसभा चुनाव में ताल ठोंकेगी ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस, बीजेपी पर लगाए आरोप

Summary :

ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर बशीर अहमद खान ने शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में ”मजबूती” के साथ हिस्सा लेगी।

ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मैदान में उतरेगी। मजलिस के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर बशीर अहमद खान ने शनिवार को प्रेसवार्ता में कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में ”मजबूती” के साथ हिस्सा लेगी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम मजलिस भाजपा के अलोकतांत्रिक और सांप्रदायिक राज को खत्म करने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में यकीन रखने वाले राजनीतिक दलों से तालमेल भी करेगी। 
खान ने आरोप लगाया कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ का झूठा नारा देने वाली सत्तारूढ़ भाजपा की सरपरस्ती में अल्पसंख्यकों, दलितों, पिछड़ों और अति पिछड़ों के खिलाफ माहौल बनाकर अत्याचार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसके दूरगामी परिणाम देश की कानून व्यवस्था और राष्ट्रीय सौहार्द के लिए घातक साबित होंगे। 
खान ने मांग की कि संशोधित नागरिकता कानून और एनआरसी का विरोध करने पर गिरफ्तार किये गये बेगुनाह लोगों, छात्र-छात्राओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को फौरन रिहा किया जाए। 

Ujjwal Jain