केंद्र सरकार ने शनिवार को भारतीय रेलवे के इलाहाबाद डिवीजन (मंडल) का नाम बदलकर प्रयागराज रेलवे डिवीजन कर दिया है। साथ ही सरकार ने इलाहाबाद नाम के डिवीजन के अन्य रेलवे कार्यालयों को बदलने का भी प्रस्ताव रखा है।
सरकार ने गजट नोटिफिकेशन (राजपत्र) में कहा, ‘आम जनता को यह सूचित किया जाता है कि केंद्र सरकार ने ‘इलाहबाद डिवीजन’ का नाम ‘प्रयागराज डिवीजन’ करने का निर्णय लिया है।’
रेलवे बोर्ड के सचिव सुशांत कुमार मिश्रा द्वारा जारी नोटिफिकेशन में आगे कहा गया है कि ‘इलाहबाद’ नाम के इस डिवीजन के अन्य रेलवे कार्यालयों के नाम भी तदनुसार बदले गए हैं।
वर्ष 2018 में योगी सरकार ने फैजाबाद जिले का नाम अयोध्या व इलाहबाद डिवीजन का नाम प्रयागराज किया था।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चार रेलवे स्टेशनों का नाम बदलने को मंजूरी दी थी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अब से इलाहाबाद जंक्शन का नाम प्रयागराज जंक्शन, इलाहाबाद शहर का नाम प्रयागराज रामबाग, इलाहाबाद छोकी का नाम प्रयागराज छोकी और प्रयागघाट का नाम प्रयागराज संगम होगा।


Download Android App
Download iOS App



