अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के पूर्व छात्र नेता और हिंसा समेत चार मामलों के वांछित शरजील उस्मानी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उस्मानी को गत बुधवार को आजमगढ़ में उसके एक रिश्तेदार के घर से पकड़ा गया था और उसे अलीगढ़ की एक अदालत में पेश करने के बाद बृहस्पतिवार शाम जेल भेज दिया गया।
वह लोढ़ा स्थित अस्थाई जेल में बंद है। सिविल लाइंस के पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल समानिया ने बताया उस्मानी पिछले साल 15 दिसंबर को एएमयू परिसर में हुई हिंसा समेत चार मामलों में वांछित था।
अलीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुनिराज जी. ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उस्मानी ने गत छह दिसंबर को बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के प्रति अभद्र और आपत्तिजनक तस्वीर पोस्ट की थी। उसके खिलाफ सांप्रदायिक घृणा फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने यह भी दावा किया है उस्मानी के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में सक्रिय सीएए विरोधी तत्वों से संपर्क है और उसके शरजील इमाम से भी संपर्क हैं जो इस वक्त जेल में है इस बीच उस्मानी के परिजन ने कहा कि एटीएस ने उनके बेटे को पकड़ लिया और 24 घंटे तक उन्हें यह नहीं बताया कि उसे कहां ले जाया गया है।
उधर, एएमयू प्रशासन ने उस्मानी के मामले पर कोई भी टिप्पणी करने से मना कर दिया है। एएमयू के प्रवक्ता प्रोफेसर शाफे किदवई ने कहा कि उस्मानी अब हमारे यहां छात्र नहीं है और हमें उसकी गिरफ्तारी से कोई लेना-देना नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



