उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां गैंगरेप पीड़िता को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। घटना उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र की है। आरोपियों ने गांव के बाहर खेतों में युवती को जिन्दा जलाने की कोशिश की। घटना को उस वक़्त अंजाम दिया गया जब पीड़िता मुकदमे की तारीख पर रायबरेली के लिए ट्रेन पकड़ने जा रही थी। पीड़िता की हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया है।
अपराधी युवती को आग के हवाले करने के बाद मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवती के साथ कुछ समय पहले दुष्कर्म हुआ था। दरअसल, बिहार क्षेत्र के हिंदूनगर भाटनखेडा गांव के रहने वाले शिवम त्रिवेदी और शुभम त्रिवेदी ने 12 दिसंबर 2018 को इलाके की एक युवती को अगवा करके रायबरेली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में गैंगरेप किया था।

जिसका मुकदमा रायबरेली जिले के थाना लालगंज में पंजीकृत है और रायबरेली कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही है। गुरुवार की भोर में करीब 4 बजे पीड़िता रायबरेली जाने के लिए ट्रेन पकडने बैसवारा स्टेशन के लिए निकली थी। जहां अपराधियों ने मौका पाकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश जारी है।
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओ.पी. सिंह ने बताया, ‘पीड़िता को जलाने की घटना बहुत ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण है। उसे बचाने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है। उसे लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस सभी की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है। हमने पीड़िता का स्टेटमेंट भी लिया है जो मामले में बहुत महत्वपूर्ण होगा।’


Download Android App
Download iOS App



