उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत शहर में मंगलवार शाम एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। दिल्ली बस स्टैंड के पास स्थित एक टेंट और कन्फेक्शनरी की दुकान में घुसकर बदमाशों ने व्यापारी सोहनलाल (60) और उनके बेटे विकास (28) की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, सोहनलाल अपने बेटे विकास के साथ दुकान पर बैठे हुए थे। शाम करीब 5:50 बजे दो बाइकों पर सवार पांच से छह बदमाश वहां पहुंचे। इनमें हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी भी शामिल था। बदमाश सीधे दुकान के अंदर घुसे और आते ही सोहनलाल पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
Baghpat Double Murder Case: कुछ ही सेकंड में बरसाईं गोलियां

गोली लगने से सोहनलाल की मौके पर ही मौत हो गई। पिता को बचाने के लिए जब विकास दुकान से बाहर निकला तो बदमाशों ने उसे भी निशाना बना लिया। उसे कई गोलियां लगीं और उसने भी दम तोड़ दिया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे रोहित नामक युवक को भी गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया और उनसे भिड़ गए। इस दौरान लोगों ने आरोपियों से हथियार भी छीन लिए।
भागने की कोशिश में मुख्य आरोपी वरुण लुहारी गिर पड़ा। गुस्साए लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल भेजा। हालांकि मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना से जुड़े एक वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि वरुण के साथ हिंसा हुई थी, जिसकी जांच की जा रही है।
10 साल पुरानी दुश्मनी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे करीब दस साल पुरानी रंजिश थी। वर्ष 2016 में वरुण लुहारी ने एक शराब ठेकेदार से रंगदारी मांगी थी। विरोध होने पर उसने एक सेल्समैन के साथ मारपीट की थी।
उसी दौरान वह सोहनलाल की दुकान पर भी पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि उसने विकास के साथ मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
Baghpat Murder News: भाई की मौत का बदला लेना चाहता था वरुण
जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद वर्ष 2016 में वरुण अपने भाई कपिल और अन्य साथियों के साथ सोहनलाल पर हमला करने पहुंचा था। उस समय दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिसमें वरुण के भाई कपिल की मौत हो गई थी।
इसी घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच दुश्मनी और बढ़ गई। कपिल की मौत के बाद वरुण गांव छोड़कर हरिद्वार में रहने लगा था। पुलिस के अनुसार मंगलवार को वह किसी मुकदमे की तारीख पर बड़ौत आया था। इसी दौरान उसने अपने भाई की मौत का बदला लेने की योजना बनाई और साथियों के साथ इस वारदात को अंजाम दे दिया।
Baghpat Murder Case: सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के अनुसार शाम 5:50:30 बजे आरोपी दुकान में दाखिल हुए और सीधे सोहनलाल पर फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद विकास ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन उसे भी गोली मार दी गई। करीब 25 सेकंड के अंदर पूरी घटना को अंजाम देकर बदमाश बाहर निकल गए। सीसीटीवी फुटेज में लगभग छह राउंड फायरिंग दिखाई दे रही है। पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Businessman-Son Murdered: कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
मृतक सोहनलाल के भाई राजेश की शिकायत पर पुलिस ने वरुण लुहारी, उसके भाई तरुण, पिता बाबूराम और उसके साथियों मोंटी तथा गोलू समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
व्यापारियों में भारी नाराजगी

घटना के बाद व्यापारियों में भारी गुस्सा देखने को मिला। उन्होंने बाजार बंद करने का ऐलान कर दिया और दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि सोहनलाल ने पहले ही अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी, लेकिन उन्हें सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। व्यापारी संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फरार बदमाशों के एनकाउंटर की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस भी हुई। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
पिता-पुत्र की एक साथ हुई हत्या और मुख्य आरोपी की मौत के बाद पूरे बड़ौत क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरनगर में थी Exam, गूगल मैप ने शामली पंहुचा दिया, छूट गई यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा


Download Android App
Download iOS App




