आजकल आधुनिक तरीके से रास्ता दिखाने वाला गूगल मैप कभी-कभी गलत रास्ते पर भी पंहुचा देता है। इसका जीता-जागता उदाहरण उत्तर प्रदेश से सामने आया है। यहां 4 अभ्यर्थियों का कहना है कि गूगल मैप ने उन्हें गलत लोकेशन दिखाई , जिसकी वजह से वे अपने परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच पाए और उनकी परीक्षा छूट गई। उन्होंने बताया कि गूगल मैप पर कॉलेज की लोकेशन सर्च की, तो मैप ने उन्हें शामली पंहुचा दिया।
वहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि परीक्षा केंद्र की वास्तविक लोकेशन अलग है। लेकिन तक तक परीक्षा का समय निकल चुका था। परीक्षा छूटने से नाराज अभ्यर्थी मुज्जफरनगर कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोबारा परीक्षा आयोजित कराने की मांग की।
गूगल मैप ने दिखाया गलत रास्ता, छूट गया पेपर
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती लिखित परीक्षा के लिए कैंडिडेट्स के गलत जगह पहुंचने का मामला मुजफ्फरनगर पुलिस ने सार्वजानिक किया है। पुलिस के मुताबिक, गाजियाबाद निवासी अरुण मलिक, विशाल, धर्मेंद्र चौधरी और मुकुल ने जो शिकायत पत्र दिया है, उसमें बताया गया है कि वह गूगल मैप की मदद से सेंटर पहुंचने के लिए निकले थे, लेकिन वह शामली पहुंच गए और इस वजह से उनकी परीक्षा छूट गई।
Uttar Pradesh News: गूगल से भी करेंगे पूछताछ
मुजफ्फरनगर पुलिस ने कहा कि परीक्षा केंद्र पर प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है, लेकिन इस तरह की शिकायत पहली बार सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आखिर इन अभ्यर्थियों के साथ ऐसी स्थिति क्यों बनी, इसकी जांच की जा रही है। मामले की तह तक पहुंचने के लिए गूगल से भी संपर्क कर जानकारी मांगी जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि लोकेशन संबंधी गड़बड़ी कैसे हुई।
एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र की लोकेशन का QR कोड लगाने का अनुरोध
यूपी पुलिस कांस्टेबल की लिखित भर्ती परीक्षा में गूगल मैप से रास्ता भटकने वालों चारों कैंडिडेट्स की शिकायत पर मुजफ्फरनगर पुलिस एक्शन मोड में आ गई। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में जांच शुरू की गई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) को इस मामले की जानकारी दी गई है। साथ ही भर्ती बोर्ड को पत्र लिखकर अनुरोध किया गया है कि एडमिट कार्ड पर परीक्षा केंद्र की लोकेशन का QR कोड भी शामिल किया जाए। ताकि भविष्य में अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी तरह की परेशानी न हो।


Download Android App
Download iOS App




