उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बे के नजदीक मंगलवार को दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। बबेरू क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) सियाराम ने बताया कि बिसंडा थाना क्षेत्र के ओरन कस्बे के नजदीक पेट्रोल पंप के पास मंगलवार दोपहर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आमने-सामने भिड़ गई ।
इस हादसे में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी मृतक और घायल सहेवा गांव के रहने वाले हैं और एक कार्यक्रम से वापस अपने गांव लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 35 महिला-पुरुष सवार थे।
सीओ ने बताया कि घायलों में पांच की हालत ज्यादा नाजुक है, सभी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान करवाई जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्राली के ड्राइवर धर्मेंद्र का कहना है कि मिट्टी से भरा हुआ ट्रैक्टर ट्राली तेज गति के साथ आ रहा था और अनियंत्रित होकर दूसरे ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार कर निकल गया जिससे यह हादसा हुआ है।
वहीं इस मामले में अपर एसपी ने ट्रैक्टर में टक्कर की बात को सिरे से नकार दिया है। अपर एसपी का कहना है कि सहेवा निवासी ग्रामीण किसी कार्यक्रम से ट्रैक्टर ट्राली मे सवार होकर लौट रहे थे, ट्राली में 25 लोग सवार थे और ट्राली अनियंत्रित होकर पलटने से यह हादसा हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



