Bareilly Acid Attack: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शादीशुदा प्रेमिका ने प्रेमी से बात करना बंद किया तो गुस्से में आकर सनकी प्रेमी ने खतरनाक कदम उठाया। उसने शनिवार की सुबह प्रेमिका के घर जाकर उस पर एसिड फेंक दिया। इससे प्रेमिका के पति व बच्चों समेत चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सो रहे परिवार पर किया एसिड अटैक
शेरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह गांव के ही एक युवक से बात करती थी। पिछले कुछ दिनों से उसने युवक से बात करना बंद कर दिया है। इस बात से नाराज होकर शनिवार सुबह 4.00 बजे छत के रास्ते युवक मेरे घर में घुस आया। परिवार अपने घर के बरामदे में मच्छरदानी लगाकर सो रहा था, तभी आरोपी ने उनके ऊपर तेजाब फेंक दिया।
विवाहित महिला से प्रेम संबंध, शादी करने की जिद्द
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे थाना शेरगढ़ पर एक परिवार के चार लोगों पर एसिड डालने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर थाना पुलिस व उच्च अधिकारी द्वारा घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया तो पता चला कि 58 वर्षीय व्यक्ति की पत्नी मोहल्ले के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक भी शादीशुदा है। इसके बाद भी वह महिला से शादी करना चाहता था।
परिवार के चार सदस्य झुलसे
शादी करने से इनकार करने पर युवक ने महिला के परिवार पर एसिड डालने का प्रयास किया। इससे महिला व उसके परिवार के चार अन्य लोगों पर एसिड के कुछ छींटे पड़े, जिससे वे झुलस गए। चारों घायलों को सीएचसी शेरगढ़ भेजा गया, जिसमें तीन लोगों का प्राथमिक उपचार करने के बाद घर भेज दिया गया। वहीं, एक पुरुष को बरेली जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए हैं। थाना शेरगढ़ पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 2 टीमों को रवाना किया गया है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






















