जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल द्वारा प्राथमिक विद्यालय सुमेर विकास खंड – बेहटा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं जा चुके थे। निर्धारित समय से पहले विद्यालय बंद करने के लिए उपस्थित अध्यापक निशार अहमद अंसारी एवं शिक्षामित्र मलका बानो का एक दिन का वेतन रोकते हुए दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अंशुल कुमार शुक्ला एवं शिक्षामित्र शिवकुमार अनुपस्थित मिले, जिस कारण इनका भी एक दिन का वेतन रोकते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मध्यान भोजन पंजिका का निरीक्षण करने पर पाया गया कि 20 जुलाई से आज तक कोई प्रविष्टि अंकित नहीं थी। इसके अलावा, विद्यालय में रंगाई-पुताई का भी काफी अभाव मिला। इन समस्त पाई गई अनियमितताओं के क्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकों का एक दिन का वेतन रोकते हुए संबंधितों को निर्देशित किया गया कि कमियों का निस्तारण कर एक सप्ताह में फोटोग्राफ्स सहित सूचित करें।
ऊँचगांव विद्यालय में अभिलेख जलाने के मामले की जांच

जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुपालन में प्राथमिक विद्यालय ऊँचगांव ब्लॉक बेहटा का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपस्थित छात्रों से गणित के सवाल पूछे गए तथा एमडीएम खाने की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली गई। विद्यालय प्रांगण में काफी बड़ी-बड़ी घास उगी हुई थी, कक्षा-कक्षों की छतों पर जाले लगे थे, सफाई का अभाव था और बिजली के तार लटकते हुए मिले। संबंधितों को 10 दिन के अंदर इन्हें सुधरवाकर फोटोग्राफ सहित अवगत कराने के निर्देश दिए गए।
विद्यालय में चार्ज को लेकर गुटबाजी

विद्यालय अभिलेख या पाठ्यपुस्तकें जलाए जाने की खबर की जांच हेतु वहां उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों, बच्चों, स्टाफ, रसोइया एवं एसएमसी अध्यक्ष के बयान लिए गए। प्राप्त तथ्यों से स्पष्ट हुआ कि विद्यालय के कुछ फटे-पुराने कागजात, पुराने रजिस्टर, पुरानी फटी किताबें और कूड़ा-करकट सफाई के दौरान बाहर जलाए गए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि विद्यालय में चार्ज को लेकर गुटबाजी है और उसी के कारण बिना उच्चाधिकारियों को अवगत कराए बिना वीडियो बनाकर वायरल किया गया, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई। इसे छात्रहित के प्रतिकूल मानते हुए इंचार्ज प्रधानाध्यापक रणविजय सिंह एवं सहायक अध्यापक जीतपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, विद्यालय के समस्त अध्यापकों का एक दिन का वेतन रोकते हुए आवश्यक कार्रवाई की गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय और आधार केंद्र का निरीक्षण
इसके पश्चात, खंड शिक्षा अधिकारी, बेहटा सीतापुर के कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच की गई। कार्यालय प्रांगण में घास और गंदगी पाए जाने पर वहां कार्यरत अनुचर अमर बहादुर यादव का वेतन रोकते हुए बीईओ बेहटा को नोटिस जारी कर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। प्रांगण में ही बने आधार केंद्र का जायजा लेकर वहां मौजूद लोगों से किसी भी प्रकार की असुविधा न होने के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।


Download Android App
Download iOS App




