भदोही का नाम अब होगा ‘संत रविदास नगर भदोही’, सीएम योगी ने किया बड़ा ऐलान, 1340 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

Summary :

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM योगी ने संत रविदास के विचारों का उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देकर संत रविदास के 'सबको अन्न' के सपने को साकार किया जा रहा है।

up news: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भदोही जिले को लेकर एक बड़ी घोषणा की है। भदोही में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कालीन मेले के स्वर्ण जयंती संस्करण के दौरान उन्होंने जिले का नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर भदोही’ करने का ऐलान किया।

इस दौरान सीएम योगी ने जिले के लिए 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने संत रविदास के विचारों का उल्लेख किया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देकर संत रविदास के ‘सबको अन्न’ के सपने को साकार किया जा रहा है।

6100 करोड़ का रिकॉर्ड निर्यात

कारपेट एक्सपो मार्ट में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस प्रदर्शनी में करीब 250 एग्जीबिटर्स और 65 देशों के 450 से ज्यादा विदेशी बायर्स (Buyers) पहुंचे हैं, जिससे स्थानीय कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा कि वाराणसी और प्रयागराज के बीच बसा यह जिला आज विरासत और विकास की नई मिसाल बन चुका है।

‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) योजना के बाद से भदोही का कालीन उद्योग काफी मजबूत हुआ है और अकेले यह जिला आज करीब 6,100 करोड़ रुपये का निर्यात (Export) कर रहा है।

पिछली सरकारों पर साधा निशाना

विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले राज्य में अराजकता, गुंडागर्दी, कर्फ्यू और नीतिगत जड़ता का माहौल था। पिछली सरकारों की ‘बीमारू मानसिकता’ ने प्रदेश को बदहाल बना दिया था, जिससे बिजली, सड़क और सुरक्षा के अभाव में बुनकरों और कारीगरों को पलायन करने पर मजबूर होना पड़ा। हालांकि, पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना बढ़ी है और कालीन उद्योग से युवाओं को रोजगार व आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं।

यह भी पढ़ें – 9 बीघा जमीन के विवाद में जेठ ने की महिला की हत्या, कुल्हाड़ी से सिर पर किया वार, आरोपी फरार

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।