Bhitauli High Tension Line Drunk Man : भिटौली थाना क्षेत्र के परसा खुर्द गांव में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स शराब के अत्यधिक नशे में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के बिजली के खंभे पर चढ़ गया। युवक को खंभे की ऊंचाई पर तारों के बिल्कुल पास झूलता देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अनहोनी की आशंका से डरे ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना पाते ही भिटौली थाने की पुलिस टीम फौरन गांव में पहुंची। गनीमत यह रही कि जिस समय यह ड्रामा शुरू हुआ, उस वक्त इलाके की बिजली सप्लाई पहले से ही कटी हुई थी। अनहोनी को रोकने के लिए पुलिस ने सबसे पहले भिटौली बिजली उपकेंद्र को फोन कर सप्लाई को पूरी तरह बंद रखने की हिदायत दी, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
समझाने के बाद उतरा नीचे
इसके बाद पुलिस और गांव के लोगों ने खंभे पर चढ़े व्यक्ति को नीचे उतारने की कोशिशें शुरू कीं। वह काफी देर तक ऊपर ही अड़ा रहा। नीचे खड़े लोग लगातार उसे समझाने-बुझाने में जुटे रहे। काफी देर की कड़ी मशक्कत और मान-मनौव्वल के बाद वह शख्स आखिरकार नीचे उतरने के लिए राजी हुआ। जब वह सुरक्षित जमीन पर आ गया, तब जाकर पुलिस और वहां मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
UP- महाराजगंज में एक शराबी को जमीन पर ताजा हवा नही मिल पा रही थी. वह बिजली के पोल पर चढ़ा और 11000 बोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर जाकर लेट गया. कई घंटे आराम फरमाने के बाद होश आया तो नीचे कई अफसर उससे जमीन पर आने की गुहार कर रहे थे. पूरे कार्यक्रम के दौरान बिजली की सप्लाई बंद रखी गयी. pic.twitter.com/yuxhouqRGX
— Narendra Pratap (@hindipatrakar) June 24, 2026
भिटौली थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि खंभे पर चढ़े व्यक्ति की पहचान दीन दयाल के रूप में हुई है, जो घटना के वक्त पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। उसे सुरक्षित नीचे उतारने के बाद थाने लाया गया और जरूरी हिदायत व समझा-बुझाकर उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।


Download Android App
Download iOS App




