बलरामपुर जिले में शनिवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में कार सवार एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना श्रीदत्तगंज थाना अंतर्गत विशंभरपुर गांव के पास हुई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार ने कहा कि नैनीताल में एक पेपर मिल में काम करने वाले देवरिया जिले के सोनू शाह (28) अपनी पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शुक्रवार शाम को अपने गांव के लिए निकले थे।
एसपी ने बताया कि शनिवार सुबह विशंभरपुर गांव के पास एक अज्ञात वाहन से कार की टक्कर हो गई जिसमें शाह, उनकी पत्नी सुजावती (25), उनके दो बच्चों रुचिका (छह) और दिव्यांशु (चार), शाह के भाई रवि (18) तथा बहन खुशी (13) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पीड़ित के कार को टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान और उसे जब्त करने के लिए छह टीम गठित की गई है। पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और वे यहां पहुंच गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



