उत्तर प्रदेश में 2022 में विधानसभा चुनाव होने वाले है जिसके मद्देनजर सभी राजनीति दलों ने प्रदेश में अपनी सत्ता हासिल करने के लिए कमर कस ली है। वही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में युद्धस्तर पर जुटने का आह्वान किया।
बागपत के दौरे पर आए योगी ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी को बूथ स्तर तक बेहद मजबूत करने के निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव के लिए अभी से युद्धस्तर पर तैयारी की जाए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री योजना के तहत लोगों को नि:शुल्क दिए जाने वाले राशन वितरण पर कहा कि इस बार पांच अगस्त को सभी राशन डीलर्स के यहां पार्टी पदाधिकारियों द्वारा पहुँचकर राशन वितरण करवाया जाएगा। उपभोक्ताओं को अलग से एक बैग में राशन दिया जाएगा, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो भी लगी होगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे क्षेत्र में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनें और उनका समाधान कराएं एवं लोगों को कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करने तथा टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित करें। योगी ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान दावा किया कि बागपत ने पिछले चार साल में जितनी तरक्की की है उतनी पहले कभी नहीं हुई।
प्रदेश में हुई एक लाख 33 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती में बागपत के लगभग हर गांव का नौजवान भर्ती हुआ है। उन्होंने कहा कि रमाला चीनी मिल दोगुनी क्षमता से चल रही है और मेरठ-बागपत-सोनीपत राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया गया है।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने महिला अस्पताल पहुंचकर कोविड-19 टीकाकरण कार्य का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने महिला अस्पताल के पास बन रहे आक्सीजन प्लांट का निरीक्षण भी किया। वह महिला अस्पताल के पास बने पीकू सेंटर पहुंचे और सभी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।
साथ ही कोरोना की तीसरी लहर के आने से पहले सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए निर्देश दिया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान सांसद सत्यपाल सिंह ने मुख्यमंत्री से बागपत के लिए कई विकास प्रस्ताव की मंजूरी मांगी।
उन्होंने चीनी मिल का विस्तारीकरण, रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराने व मीतली में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया।


Download Android App
Download iOS App



