उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव में इस बार बॉलीवुड का ट्विस्ट भी लगने वाला है। फेमिना मिस इंडिया-2015 की रनर अप रहीं दीक्षा सिंह ने जौनपुर से जिला पंचायत का चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। साथ ही उन्होंने वार्ड संख्या 26 बक्शा से जिला पंचायत सदस्य के लिए पर्चा खरीद भी लिया है। बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा बन चुकीं दीक्षा सिंह घर-घर जाकर अपने लिए वोट मांगेंगी। दीक्षा बक्शा विकास खंड क्षेत्र के ही चितौडी गांव के रहने वाले जितेंद्र सिंह की बेटी हैं। उन्होंने फेमिना मिस इंडिया-2015 में भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में वह रनर अप रहीं थीं।
मिस इंडिया की रनर अप रही दीक्षा बॉलीवुड में कामयाबी के लिए लगातार संघर्ष कर रही हैं। फरवरी-2021 में ही उनके एलबम ‘रब्बा मेहर करें’ ने खूब सफलता बटोरी। इसके अलावा वह लेखन के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। उन्होंने बॉलीवुड की ‘इश्क तेरा’ फिल्म की कहानी भी लिखी है। इसके अलावा वह पैंटीन, पैराशूट आयल, स्नैप डील से लेकर कई बड़ी कंपनियों के विज्ञापन में काम कर चुकी हैं।
दीक्षा ने अपने चुनावी प्रयास के बारे में पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि वह बदलाव की सोच लेकर चुनाव में उतर रही हैं। दीक्षा सिंह ने बताया कि वह कॉलेज के समय से ही प्रतियोगिताओं और राजनीतिक बहसों में हिस्सा लेती आई हैं। पंचायत चुनाव के जरिए वह जमीनी स्तर पर कुछ करके दिखाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि जौनपुर अभी कई शहरों से काफी पीछे है। चुनाव जीतकर वह सारी सुविधाएं यहां तक लाना चाहती हैं।


Download Android App
Download iOS App



