बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद कुंवर दानिश अली ने कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के कई शिक्षकों और कर्मचारियों की मौत की पृष्ठभूमि में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि वह स्थिति का जायजा लेने के लिए एक केंद्रीय टीम एएमयू भेजें।
उन्होंने प्रधानमंत्री से यह भी कहा कि इस विश्वविद्यालय के तहत आने वाले जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन संयंत्र लगाने तथा दूसरे जरूरी चिकित्सा उपकरणों के लिए तत्काल पर्याप्त धन मुहैया करने की जरूरत है। लोकसभा सदस्य दानिश अली ने कहा, ‘‘एएमयू में हालात का जायजा लेने और बिना देर किए कदम उठाने के लिए यह जरूरी है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और आईसीएमआर से जुड़े लोगों की एक केंद्रीय टीम वहां भेजी जाए।’’
उन्होंने पत्र में यह आग्रह किया, ‘‘कोरोना वायरस स्वरूप से निपटने के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज को चिकित्सा सहायता या पर्याप्त धन मुहैया कराया जाए।’’ एएमयू के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया था कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने पिछले तीन सप्ताह में कोविड -19 के संक्रमण से 17 सेवारत वरिष्ठ संकाय सदस्यों की मौत हो गई है। खबरों के मुताबिक, विश्वविद्यालय के कई सेवानिवृत्त शिक्षकों की मौत भी कोरोना से हुई है।


Download Android App
Download iOS App



