सड़क हादसे में दो युवकों की मौत पर भीम आर्मी के नेताओं का हंगामा, पुलिस ने दर्ज किया केस

Summary :

बुधवार को नांगल थाना क्षेत्र के सूबरी गांव निवासी अनुज और वासु की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जिसके विरोध में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं ने सड़क पर जाम लगाया।

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत को लेकर भीम आर्मी के पदाधिकारियों और आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने हंगामा किया। नांगल थाना पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। 
पुलिस अधीक्षक (देहात) अशोक मीणा ने शुक्रवार को बताया कि बुधवार को नांगल थाना क्षेत्र के सूबरी गांव निवासी अनुज और वासु की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जिसके विरोध में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं ने सड़क पर जाम लगाया, पुलिस के वाहनों पर हमला कर तोड़फोड़ की और फायरिंग की। 
उन्होंने बताया कि इस मामले में थाना नांगल पुलिस ने भीम आर्मी के मंडल प्रभारी प्रवीण गौतम, आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल ओजस्वी, जिला महासचिव अमान खान, कोषाध्यक्ष कांशी मौर्य, भीम आर्मी के जिला प्रभारी विनय गौतम, अजय कश्यप, अमन कश्यप, पुनित, प्रेमदास, नितिश कश्यप, दीपक बौद्ध, महेश वर्मा, विक्की आदि 16 नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ क्रिमिनल एक्ट, महामारी अधिनियम, बलवा करना आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। हमले में और पथराव दरोगा प्रेमपाल धामा, कांस्टेबल रोहित सेन, सन्नी कुमार और अनिरूद्ध खोकर घायल हो गए थे।

Desk Team