CM योगी ने राष्ट्रपति कोविंद और गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, यूपी के सियासी हालात पर हुई चर्चा

Summary :

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन ने एक ट्वीट के जरिये यह जानकारी दी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की। राष्ट्रपति भवन ने एक ट्वीट के जरिये यह जानकारी दी। इसमें कहा गया है, ‘‘उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से भेंट की। ’’ 
राष्ट्रपति भवन के ट्वीट में राष्ट्रपति और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मुलाकात की तस्वीर भी साझा की गई है । हालांकि, मुलाकात के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी गई है। योगी आदित्यनाथ ने बाद में गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की । वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार के सूत्रों ने बताया कि ये शिष्टाचार के नाते मुलाकातें थीं। 
सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने की संभावना है । योगी आदित्यनाथ पड़ोसी राज्य हरियाणा में एक निजी कार्यक्रम के सिलसिले में राष्ट्रीय राजधानी में हैं । उत्तर प्रदेश में कुछ ही समय बाद पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं। भाजपा ने पहली बार इन पंचायत चुनावों में उतरने का फैसला किया है। वहीं राज्य में अगले साल 2022 में विधानसभा चुनाव भी होना है। ऐसे में गृहमंत्री अमित शाह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुलाकात के खास मायने हैं। 

Desk Team