उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि पिछले ढाई साल में राज्य की छवि में सकारात्मक बदलाव आया है लेकिन प्रदेश की छवि को और बेहतर बनाने के लिए तीन महीने का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए।
योगी ने यहां अपने सरकारी आवास पर प्रशासनिक और पुलिस नोडल अधिकारियों की बैठक में कहा, ”विगत ढाई वर्ष में राज्य की छवि में सकारात्मक बदलाव आया है, जिसे और भी अच्छा बनाया जा सकता है। इसके लिए व्यापक और समग्र प्रयास किये जाने की आवश्यकता है।”
यूपी में त्योहारों के मद्देनजर अधिकारियों की छुट्टियां 30 नवंबर तक निरस्त
उन्होंने कहा कि प्रदेश की छवि को और बेहतर बनाने के लिए तीन महीने का विशेष अभियान संचालित किया जाए। व्यवस्था खराब करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को इस अभियान के दौरान चिन्हित करते हुए उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए।
योगी ने कहा कि प्रभावी और उद्देश्यपरक कार्रवाई से प्रशासन और पुलिस की छवि में और सुधार होगा। उन्होंने कहा कि सामान्य जनमानस को सुशासन उपलब्ध कराना राज्य सरकार का दायित्व है। इस उद्देश्य से प्रत्येक जनपद में नोडल अधिकारियों की तैनाती की गयी है। ये अधिकारी अपने-अपने जनपदों की नियमित समीक्षा करते हैं।
राज्य सरकार पहली बार पुलिस अधिकारियों को भी जनपदों में नोडल अधिकारी के रूप में भेज रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस नोडल अधिकारी अपने निर्धारित जनपदों में जाकर पुलिस व कारागार प्रशासन की कार्यपद्धति तथा उनके बारे में जनसामान्य में छवि का आकलन कर अपनी तथ्यपरक रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस की सामान्य छवि के अलावा जनपद में कार्यरत पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक तथा थानाध्यक्ष आदि के सम्बन्ध में सामान्य व्यक्ति की भी राय ली जाए। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक अपराध वाले थाना क्षेत्रों में कार्यपद्धति तथा वहां जनसामान्य से होने वाले व्यवहार की भी जांच की जाए।
योगी ने कहा कि जनपदों में पूर्व से ही तैनात प्रशासनिक नोडल अधिकारी विभिन्न प्रशासनिक व विकास कार्यों से सम्बन्धित अधिकारियों की छवि व कार्य पद्धति के सम्बन्ध में रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



