टिकट कटने से आहत कांग्रेस नेता पहुंचे हॉस्पिटल, हालत बिगड़ने पर लखनऊ किया गया रेफर

Summary :

बाराबंकी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट कटने से आहत पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरी यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में टिकट के दुःख ने कांग्रेस के एक नेता को अस्पताल पहुंचा दिया। बाराबंकी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस का टिकट कटने से आहत पार्टी के वरिष्ठ नेता गौरी यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दरअसल, कांग्रेस ने गौरी यादव को बाराबंकी विधानसभा क्षेत्र से पहले प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन किन्ही कारणों से पार्टी नेतृत्व ने उनका टिकट काटकर किसी दूसरे नेता को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इस बात से आहत गौरी यादव की तबीयत कल अचानक बिगड़ गयी।

गोरखपुर में योगी का घर-घर प्रचार, बोले-5 साल के कार्यकाल में BJP ने UP की धारणा बदल दी

हालत ज्यादा खराब होने पर स्थानीय चिकित्सकों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। उनके परिजनों ने श्री यादव को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। बाराबंकी में चर्चा है कि टिकट मिलने से पूर्व ही श्री यादव ने क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर प्रचार अभियान तेज कर दिया था। बाद में टिकट कटने से वह इतने आहत हुए कि इस सदमे को झेल नहीं पाने के कारण बीमार हो गए।
उनके पुत्र अनुराग प्रकाश के अनुसार पार्टी का अचानक टिकट बदल जाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें एक लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनका कहना है कि जब इस बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से संपर्क किया गया तो किसी ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। प्रकाश ने बताया कि फिलहाल उनके पिता की हालत गंभीर बनी हुई है।

Desk Team