कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की टिप्पणी पर बहुजन सामज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने जवाब दिया है। उन्होंने सलाह दी कि कांग्रेस को दूसरों की चिंता करने के बजाए आत्मचिंतन करना चाहिए।
मायावती ने ट्वीट किया, “कांग्रेस आज अपनी पार्टी के स्थापना दिवस को ‘भारत बचाओ, संविधान बचाओ’ के रूप में मना रही है। इस मौके पर दूसरों पर चिंता व्यक्त करने के बजाए कांग्रेस स्वयं अपनी स्थिति पर आत्मचिंतन करती तो यह बेहतर होता, जिससे निकलने के लिए उसे अब किस्म-किस्म की नाटकबाजी करनी पड़ रही है।”

मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ” ‘भारत बचाओ, संविधान बचाओ’ की याद कांग्रेस को तब क्यों नहीं आई जब वह सत्ता में रहकर जनहित की घोर अनदेखी कर रही थी, जिसमें दलितों, पिछड़ों व मुस्लिमों को भी उनका संवैधानिक हक नहीं मिल पा रहा था। जिसके कारण ही आज भाजपा सत्ता में बनी हुई है।”

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के 135वें स्थापना दिवस पर पार्टी की राज्य इकाई की तरफ से यहां आयोजित समारोह में शामिल होने शनिवार को राजधानी लखनऊ पहुंचीं प्रियंका ने सपा और बसपा पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां सरकार से डर रही हैं, और वे कुछ नहीं कर रही हैं। लेकिन कांग्रेस को संघर्ष की चुनौती स्वीकार है।


Download Android App
Download iOS App



