उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष मीना कुमारी ने विवादित बयान दिया है। उनका मानना है कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों का कारण उनका फोन इस्तेमाल करना है। मीना कुमारी की इस विवादित टिप्पणी को लेकर यूपी में विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, बुधवार को अलीगढ़ पहुंची मीना कुमारी से पत्रकारों ने रेप मामलों को लेकर सवाल पूछे। पत्रकारों के सवालों के जवाब में मीना कुमारी ने कहा, “समाज में महिलाओं के प्रति बढ़ रहे अपराधों पर समाज को खुद गंभीर होना पड़ेगा। ऐसे मामलों में मोबाइल एक बड़ी समस्या बन कर आया है।
उन्होंने कहा, लड़कियां घंटों मोबाइल पर बात करती हैं। लड़कों के साथ उठती बैठती हैं। उनके मोबाइल भी चेक नहीं किये जाते। घर वालों को पता नहीं होता और फिर मोबाइल से बात करते करते लड़कों से वह भाग जाती है।” उन्होंने कहा कि मांओं की बड़ी जिम्मेदारी है। आज अगर बेटियां बिगड़ गई हैं तो उसके लिए माएं जिम्मेदार हैं।
गौरतलब है कि महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध हमेशा से ही एक बड़ी समस्या रही है। देश के कई राज्यों में महिलाओं के खिलाफ होते अपराधों में कोई कमी नहीं आई है। आए दिन नेताओं द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए किए वादे, वादे ही बनकर रह जाते हैं और अपराधी अपराधों को अंजाम देते रहते हैं।


Download Android App
Download iOS App



