कोरोना संकट : आगरा में ताजमहल, लाल किला सहित सभी स्मारक अगले आदेश तक बंद

Summary :

देश में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के बीच आगरा में ताजमहल सहित अन्य स्मारकों को बंद रखने की घोषणा की गई है।

देश में कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप के बीच आगरा में ताजमहल सहित अन्य स्मारकों को बंद रखने की घोषणा की गई है। पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी बयान के मुताबिक, ताजमहल, आगरा किला, सिकंदरा, फतेहपुर सीकरी, एत्मादौला जैसे राष्ट्रीय स्मारकों को 15 अप्रैल से अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया गया है।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ट्वीट करते हुए कहा कि कोरोना महामारी के वर्तमान प्रकोप को देखते हुए संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग द्वारा संरक्षित सभी स्मारकों को आगामी 15 मई तक बंद रखने का फैसला किया है।” वही देश भर में संक्रमण के 199,569 नए मामले दर्ज किए गए।

यह महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक एक दिन में मिलने वाले नए कोरोना संक्रमितों का सर्वाधिक आंकड़ा है। पहली लहर में भी कोरोना का यह विकराल रूप देखने को नहीं मिला था, जितना अब देखने को मिल रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, इस अवधि में 1037 लोगों की मौत हो गई। अब तक के कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 14070300 हो गई है। वहीं, कोरोना से पीड़ित लोगों के ठीक होने की दर गिरकर 89.51 प्रतिशत रह गई है।

Desk Team